Breaking News

अम्बिकापुर@प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड 2026 से सम्मानित हुए डॉ. डी.के. सोनी

Share


फि़ल्म अभिनेत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद Jaya Prada के हाथों मिला सम्मान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सामाजिक कार्यकर्ता,अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 27 जून 2026 को The Park Hyderabad में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में प्रसिद्ध फि़ल्म अभिनेत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद Jaya Prada ने डॉ. सोनी को सम्मान-पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया। उन्हें यह सम्मान आरटीआई, जनहित याचिकाओं, सुशासन, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन इनसाइटसक्सेस एंड ट्रेड मीडिया के संस्थापक मनीष भंसाली द्वारा किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए डॉक्टरों,शिक्षाविदों,उद्योग जगत की हस्तियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस समारोह में डॉ. सोनी को सम्मानित किया जाना सरगुजा क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। डॉ. डी.के. सोनी लंबे समय से सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अपनी संस्था ‘सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस’ के माध्यम से वे आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सूचना के अधिकार (आरटीआई) और जनहित याचिकाओं के माध्यम से अनेक महत्वपूर्ण मामलों को न्यायालय तक पहुंचाया तथा कई मामलों में सफल कानूनी लड़ाई लड़कर न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने कई मामलों में जांच प्रारंभ कराई तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने में सफलता हासिल की। डॉ. सोनी को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में खुशी का माहौल है। अधिवक्ताओं,सामाजिक संगठनों और उनके शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उन्हें बधाई दी है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें जनहित,सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भविष्य में भी समाज के वंचित, पीडि़त और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।


Share

Check Also

बलरामपुर @ पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Share कलेक्टर और एसपी ने शहीद परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित,समस्याओं के निराकरण का …

Leave a Reply