- कन्या परिसर रोड के मरियमपारा में सड़क,नाली और पाइपलाइन पर निर्माण का
- आरोप फायर ब्रिगेड की आवाजाही पर संकट,नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर के कन्या परिसर रोड स्थित शासकीय आयुर्वेदिक अस्पताल के आगे चर्च के पास मरियमपारा की सीसी सड़क पर कथित अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क, नाली और पेयजल पाइपलाइन पर निर्माण कर सार्वजनिक मार्ग को इतना संकरा कर दिया गया है कि दो चारपहिया वाहन एक साथ नहीं निकल सकते। सड़क पर वाहनों की पार्किंग होने के बाद पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। राष्ट्रीय महान गणतंत्र पार्टी के संभागीय उपाध्यक्ष राजमणि चौबे ने नगर निगम आयुक्त एवं महापौर को सौंपे आवेदन में आरोप लगाया है कि जिस अवैध निर्माण को नगर निगम ने पहले हटाया था,उसी स्थान पर फिर से कब्जा कर निर्माण कर लिया गया। आवेदन में आर.सी. पाण्डेय के घर से लेकर एस.डी. पाण्डेय (पूर्व बीईओ),अखिलेश तिवारी,अंजन सिंह और महेन्द्र शर्मा के मकानों तक सड़क और नाली पर अतिक्रमण किए जाने का उल्लेख करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
आग लगने पर कैसे पहुंचेगी दमकल? आवेदन में सबसे बड़ी चिंता अग्नि सुरक्षा को लेकर जताई गई है। कहा गया है कि यदि क्षेत्र में आगजनी जैसी कोई घटना होती है तो संकरी सड़क के कारण अग्निशमन वाहन मौके तक नहीं पहुंच पाएगा। ऐसी स्थिति में छोटी घटना भी पूरे मोहल्ले के लिए बड़ी आपदा बन सकती है। नागरिकों ने सड़क की मूल चौड़ाई बहाल कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
नाली और पाइपलाइन पर भी निर्माण का आरोप : स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के साथ-साथ नाली और पेयजल पाइपलाइन के ऊपर भी निर्माण कर दिया गया है। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और पाइपलाइन की मरम्मत या रखरखाव में भी परेशानी आती है। आरोप है कि कुछ स्थानों पर जानबूझकर सड़क पर गंदगी फैलाई जाती है, जिससे लोगों का आवागमन और कठिन हो गया है।
कई बार शिकायत,फिर भी कार्रवाई का इंतजार : राजमणि चौबे का कहना है कि इस संबंध में नगर निगम को कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की भी होगी।
मुकेश फटाका एवं प्लास्टिक
हाउस हादसे का दिया उदाहरण
चौबे ने कहा कि शहर पहले भी अग्निकांड की भयावह घटना देख चुका है। जय स्तंभ चौक स्थित राम मंदिर के सामने मुकेश फटाका एवं प्लास्टिक हाउस में आग लगने के दौरान दमकल को पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। उनका कहना है कि यदि शहर की संकरी गलियों और अतिक्रमण पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और गंभीर हालात बन सकते हैं।
सवाल जो जवाब मांगते हैं…
– जिस अतिक्रमण को पहले हटाया गया था,वह दोबारा कैसे खड़ा हो गया?
– यदि सड़क,नाली और पाइपलाइन पर निर्माण हुआ है तो जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की?
– क्या नगर निगम ने संबंधित स्थल का हालिया निरीक्षण कराया है?
– शहर की संकरी गलियों का फायर सेफ्टी ऑडिट कब होगा?
– जनहित के आवेदनों पर कार्रवाई में इतनी देरी क्यों?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur