Breaking News

अम्बिकापुर@भाजपाइयों पर पुलिस क्यों मेहरबान?’ः भारी बारिश में कांग्रेस की न्याय रैली, आईजी कार्यालय का घेराव

Share


भ्रष्टाचार,जमीन घोटाला और विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने पर बरसी कांग्रेस,बोली…कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री-मंत्रियों का होगा विरोध

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा में सत्ता पक्ष से जुड़े कथित आपराधिक मामलों में पुलिस की निष्कि्रयता को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। मूसलाधार बारिश के बीच जिला कांग्रेस कमेटी ने थाना चौक से आईजी कार्यालय तक ‘न्याय रैली’ निकाली और पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा को साक्ष्यों के साथ विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं से जुड़े मामलों में पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों तक के सरगुजा दौरे का विरोध किया जाएगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत,नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद और जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में निकली रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने कानून का समान राज लागू करने और सत्ता संरक्षण समाप्त करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
भिट्ठीकला घोटाले में कलेक्टर के आदेश के बाद भी एफआईआर नहीं : आईजी से मुलाकात के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भिट्ठीकला जमीन घोटाले में 16 जून को कलेक्टर ने छह लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए थे, लेकिन आज तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सत्ता के दबाव में समझौते की कोशिशें हो रही हैं। पाठक ने कहा कि पूरे जिले में जमीन दलाल सक्रिय हैं और उन्हें राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो इससे गलत संदेश जाएगा और कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
’विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में भय’ : पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने सीतापुर विधायक से जुड़े नायब तहसीलदार मारपीट प्रकरण को उठाते हुए कहा कि गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज होने और एसडीएम के प्रत्यक्षदर्शी होने के बावजूद विधायक की गिरफ्तारी नहीं होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में भय का माहौल है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका के कारण कर्मचारी दबाव में काम कर रहे हैं।
आईजी को सौंपे ऑडियो,वीडियो और दस्तावेजी साक्ष्य : कांग्रेस ने दावा किया कि केवल आरोप लगाने के बजाय उसने आईजी को दस्तावेजी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी सौंपे हैं। ज्ञापन के साथ कथित वायरल ऑडियो,विभिन्न समाचार चैनलों के वीडियो क्लिप,अनुराग मिश्रा की कथित बातचीत के अंश तथा भिट्ठीकला जमीन मामले में कलेक्टर द्वारा अपराध दर्ज कराने संबंधी पत्र की प्रति भी सौंपी गई। इसके अलावा लखनपुर क्षेत्र में कथित जमीन धोखाधड़ी से जुड़े एक अन्य मामले के आवेदन भी आईजी को उपलब्ध कराए गए।
महापौर की शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं,आखिर पुलिस किस दबाव में?
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कलाकेन्द्र मैदान आवंटन के कथित रिश्वत प्रकरण को उठाते हुए कहा कि स्वयं महापौर द्वारा शिकायत किए जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होना गंभीर सवाल है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जिलाध्यक्ष सार्वजनिक रूप से वायरल ऑडियो में बातचीत का हिस्सा होने की बात स्वीकार कर चुके हैं। ऐसे में पुलिस आखिर किस दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही है? उन्होंने पूरे मामले की एसआईटी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई
तो होगा बड़ा आंदोलन

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक गुहार लगाने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई,इसलिए अब आईजी से हस्तक्षेप की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सत्ता पक्ष से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस मुख्यमंत्री,मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के सरगुजा दौरे का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। कांग्रेस के अनुसार, आईजी दीपक झा ने प्रतिनिधिमंडल को ज्ञापन और प्रस्तुत साक्ष्यों का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।


Share

Check Also

बलरामपुर@ सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर-एसपी सख्त

Share अतिक्रमण और यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाईबलरामपुर,06 जुलाई 2026(घटती-घटना)। जिले में लगातार …

Leave a Reply