लोक निर्माण विभाग ने कहा…आवागमन सुचारू,परफॉर्मेंस गारंटी के तहत ठेकेदार करा रहा मरम्मत कार्य
-संवाददाता-
बलरामपुर,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। वाड्रफनगर बायपास मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर सामने आई शिकायतों के बीच लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि मार्ग पर आवश्यक मरम्मत कार्य करा दिया गया है। बारिश समाप्त होने के बाद सड़क का स्थायी सुधार बिटुमिनस कंक्रीट से किया जाएगा। कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग के अनुसार, वाड्रफनगर बायपास मार्ग की कुल लंबाई 5.70 किलोमीटर है। इस निर्माण कार्य का ठेका मेसर्स हर्ष कंस्ट्रक्शन कंपनी,अंबिकापुर को दिया गया था। कार्यादेश 24 सितंबर 2018 को जारी हुआ था। वन स्वीकृति (फॉरेस्ट क्लीयरेंस) और भूमि मुआवजे से जुड़ी प्रक्रियाओं के कारण निर्माण कार्य निर्धारित समय से प्रभावित हुआ और इसकी वास्तविक पूर्णता तिथि 31 मार्च 2026 रही। विभाग ने बताया कि कार्य पूर्ण होने के लगभग तीन माह बाद मार्ग के किलोमीटर 4/6 पर कुछ हिस्सों में सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसे अनुबंध की परफॉर्मेंस गारंटी के तहत संबंधित ठेकेदार द्वारा तत्काल मरम्मत कर दिया गया। वर्तमान में लगातार बारिश और बिटुमिन सामग्री की अनुपलब्धता को देखते हुए प्रभावित हिस्सों में सीमेंट कंक्रीट मिक्स से पैचवर्क कराया गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के जारी रह सके। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, बारिश समाप्त होने के बाद इन्हीं पैचों पर बिटुमिनस कंक्रीट की परत बिछाकर स्थायी मरम्मत कराई जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur