कलेक्टर से शिकायत,बिना सक्षम आदेश राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर का दावा,निष्पक्ष जांच की मांग
-संवाददाता-
बैकुंठपुर/कोरिया,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बैकुंठपुर तहसील अंतर्गत ग्राम चेर के एक किसान ने हल्का पटवारी पर राजस्व नक्शे में कथित रूप से फेरबदल कर उसकी भूमि का स्वरूप बदलने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिना किसी सक्षम आदेश के राजस्व अभिलेखों में परिवर्तन कर मूल नक्शे से छेड़छाड़ की गई है। शिकायतकर्ता बीरेंद्र चंद्र, पिता स्वर्गीय बुधराम, निवासी ग्राम चेर ने अपने आवेदन में बताया है कि उसकी संयुक्त स्वामित्व वाली भूमि खसरा क्रमांक 48/10 पर वर्षों से कब्जा एवं काश्त है तथा पूर्व में इसका नक्शा राजस्व अभिलेखों में दर्ज था, उनका आरोप है कि वर्तमान में राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मिलीभगत से आसपास के नक्शे में फेरबदल कर उनकी भूमि का मूल नक्शा बदल दिया गया है,जबकि ऐसा कार्य सक्षम प्राधिकारी के आदेश के बिना नहीं किया जा सकता,आवेदन के अनुसार,शिकायतकर्ता के पास वर्ष 2023 का उपलब्ध नक्शा और वर्तमान नक्शे में अंतर दिखाई देता है, उनका दावा है कि पुराने नक्शे में दर्ज सीमाओं और वर्तमान नक्शे में दर्शाई गई स्थिति में बदलाव किया गया है,जिससे उनकी भूमि की वास्तविक स्थिति प्रभावित हुई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि का नक्शा हटाकर दूसरे खसरे को दर्शा दिया गया है, शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में हल्का पटवारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आवेदन में एक पूर्व राजस्व आदेश का भी उल्लेख करते हुए कहा गया है कि उसमें शिकायतकर्ता की भूमि के नक्शे में परिवर्तन का कोई निर्देश नहीं था, इसके बावजूद नक्शे में बदलाव कर दिया गया, शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, मूल राजस्व अभिलेखों और वर्तमान नक्शे का मिलान कराया जाए तथा यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन शिकायत की जांच कर क्या तथ्य सामने लाता है और राजस्व अभिलेखों में कथित फेरबदल के आरोपों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur