- लगातार प्रकाशित खबरों के बाद पहले बना रपटा,अब एप्रोच सड़क निर्माण की भी हुई शुरुआत,बरसात में आवागमन सुचारु करने की कवायद तेज
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर 04 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर दैनिक घटती-घटना द्वारा लगातार प्रमुखता से प्रकाशित की जा रही खबरों के बाद संबंधित विभाग हरकत में आता दिखाई दे रहा है, पहले करीब 15 लाख रुपये की लागत से रपटा का निर्माण कराया गया और अब बरसात में आवागमन सुचारु करने के लिए रपटा तक पहुंचने वाली अप्रोच सड़क पर डब्ल्यूएमएम बिछाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि 4 जुलाई 2026 के
अंक में दैनिक घटती-घटना ने प्रमुखता से ‘15 लाख का रपटा…
अब सड़क के लिए जनता से चंदा!’ शीर्षक से विस्तृत खबर प्रकाशित की थी। खबर में यह प्रमुखता से उठाया गया था कि रपटा बनने के बावजूद एप्रोच रोड अधूरी होने से बरसात में पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, खबर में यह भी बताया गया था कि मजबूर होकर ग्रामीण स्वयं चंदा एकत्र कर सड़क बनाने की तैयारी कर रहे हैं, खबर के प्रकाशन के बाद उसी दिन संबंधित विभाग ने मौके पर मशीनें भेजकर अप्रोच रोड पर डब्ल्यूएमएम बिछाने का कार्य प्रारंभ कर दिया, शनिवार को जेसीबी, डंपर एवं अन्य मशीनों की सहायता से सड़क को उपयोग योग्य बनाने का कार्य चलता रहा, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह कार्य समय पर पूरा हो जाता है तो बरसात के दौरान आवागमन काफी हद तक सुगम हो सकेगा, ग्रामीणों ने कहा कि लगातार समाचार प्रकाशित होने से समस्या शासन-प्रशासन के संज्ञान में आई और अब धरातल पर काम दिखाई देने लगा है, उनका कहना है कि जब तक सड़क पूरी तरह तैयार नहीं हो जाती, तब तक इस कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर भी नजर बनाए रखना आवश्यक होगा, दैनिक घटती-घटना ने इस मुद्दे को केवल एक दिन नहीं, बल्कि लगातार कई समाचारों के माध्यम से उठाया, पहले रपटा निर्माण की मांग, फिर रपटा बनने के बाद एप्रोच रोड नहीं बनने की समस्या, उसके बाद ग्रामीणों द्वारा चंदा जुटाने की पहल और अब विभाग द्वारा सड़क निर्माण शुरू किए जाने तक पूरे घटनाक्रम को अखबार ने लगातार प्रमुखता से प्रकाशित किया, अब ग्रामीणों की उम्मीद है कि विभाग केवल अस्थायी व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी सड़क का निर्माण कर इस समस्या का स्थायी समाधान करेगा, ताकि भविष्य में बरसात के दौरान लोगों को आवागमन के लिए फिर कभी परेशानी का सामना न करना पड़े।
‘घटती-घटना’ का
अभियान जारी रहेगा
– पहले रपटा निर्माण का मुद्दा उठाया।
– कलेक्टर ने लिया संज्ञान और निरीक्षण किया।
– 15 लाख रुपये की लागत से रपटा का निर्माण हुआ।
– एप्रोच रोड अधूरी रहने का मुद्दा प्रमुखता से प्रकाशित किया।
– ग्रामीणों द्वारा चंदा जुटाने की खबर प्रकाशित हुई।
– अब विभाग ने अप्रोच रोड पर डब्ल्यूएमएम कार्य शुरू किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur