-संवाददाता-
बलरामपुर,04 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। घरेलू विवाद के चलते पत्नी के साथ मारपीट,गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद एक पति ने किराए के मकान में आग लगा दी। आगजनी में घर का करीब एक लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,भनोरा निवासी प्रभा एक्का (38 वर्ष) ने थाना बलरामपुर में घर में आगजनी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर 29 जून 2026 को आगजनी की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि प्रार्थिया के पति जय जान केरकेट्टा ने घरेलू विवाद के दौरान पहले पत्नी से मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी दी और किराए के मकान में रखे घरेलू सामान को माचिस से आग लगा दी। आगजनी में पलंग,गद्दा, दीवान,आलमारी,फ्रिज,कूलर और कपड़े सहित करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। जांच में आरोप प्रमाणित होने पर बलरामपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 326(ग), 296 और 351(3) के तहत मामला कायम किया। पुलिस ने आरोपी को 3 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा और आगजनी जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur