Breaking News

अंबिकापुर@खेत में विवाद बना हत्या की वजह…गैती से वार कर किसान की हत्या,24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

Share

-संवाददाता-
अंबिकापुर,04 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के राईखुर्द गांव में खेत में हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने गैती से हमला कर किसान की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त गैती भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, राईखुर्द निवासी तिलसाय ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई जीतू नागेश 2 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे खेत में हल चलाने गया था। इसी दौरान गांव के झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बुधराम ने गैती से जीतू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह (60 वर्ष), निवासी राईखुर्द, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने आपसी विवाद के चलते गैती से हमला कर हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गैती भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उपनिरीक्षक नारायण सिंह तथा आरक्षक इबनुल खान, राजकुमार यादव और दिलीप मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में प्रधानमंत्री आवास योजना पर सवाल….पक्के मकान वालों को भी लाभ देने का आरोप,पुराने घर की छत पर आवास निर्माण की शिकायत,जांच की मांग

Share -राजेन्द्र शर्मा-खड़गवां,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने …

Leave a Reply