सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर फलदार पौधे रोपकर दिया एकता,अखंडता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
-संवाददाता-
सूरजपुर,04 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिले में संचालित ‘एकता वृक्ष अभियान’ के तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन सूरजपुर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया,कार्यक्रम में डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने फलदार पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण,देश की एकता और अखंडता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया, उन्होंने कहा कि एकता वृक्ष अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ समाज को एकजुट करने का भी महत्वपूर्ण अभियान है, वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है,उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक चुनौतियां पूरी मानवता के सामने गंभीर संकट बनकर उभरी हैं,ऐसे समय में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है,यदि आज पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढि़यों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा,डीआईजी/एसएसपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे,ताकि वह एक विकसित वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए, कार्यक्रम में एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा,रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता के प्रतिक है- कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी, उनकी 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एकता वृक्ष अभियान न केवल उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकजुटता का भी सशक्त संदेश है,पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा प्रकृति के संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की, अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से हरित वातावरण का निर्माण कर भविष्य की पीढि़यों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur