Breaking News

अम्बिकापुर@करैत के डसने से 2 सगे भाइयों समेत 3 की मौत

Share


बलरामपुर में एक ही खाट पर सो रहे थे तीन भाई, दो को डसा करैत; जशपुर की महिला ने भी इलाज के दौरान तोड़ा दम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में सर्पदंश की अलग-अलग घटनाओं में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीपरसोत के तुर्रापारा निवासी बिरसपत नगेसिया के तीन बेटे विकेश (11), विकास (9) और विक्रांत (3) गुरुवार रात एक ही खाट पर सो रहे थे। देर रात सबसे छोटे बेटे विक्रांत के रोने पर परिजन पहुंचे तो वह कान की ओर इशारा कर रहा था। इसी दौरान विकास ने भी बाएं हाथ की उंगली में किसी चीज के काटने की बात कही। परिजनों ने बच्चों को खाट से हटाकर देखा तो वहां करैत सांप मिला। विक्रांत के दाहिने कान और विकास की बाएं हाथ की उंगली में सांप ने डस लिया था। परिजन दोनों बच्चों को पहले जिला अस्पताल बलरामपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान दोनों भाइयों ने तोड़ा दम
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं आईसीयू में भर्ती विक्रांत ने भी कुछ घंटे बाद दम तोड़ दिया।
जशपुर की महिला की भी गई जान
दूसरी घटना जशपुर जिले के ग्राम दोकड़ा की है। यहां सेबेस्तिया लोमी खेस (43) को 30 जून की रात घर में चटाई पर सोते समय करैत सांप ने घुटने के नीचे दाहिने पैर में डस लिया था। सांप को मारने के बाद परिजन उसे फरसाबहार अस्पताल ले गए। वहां से रेफर किए जाने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।


Share

Check Also

सूरजपुर@ निर्माणाधीन शासकीय पॉलिटेक्निक भवन का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

Share निर्माण कार्य की धीमी गति पर जताई नाराजगी,पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य …

Leave a Reply