दो नए अकादमिक भवन, 100 सीटर बालिका छात्रावास व आधुनिक प्रयोगशालाएं बनेंगी,16 साल पुरानी मांग होगी पूरी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अंबिकापुर के अधोसंरचनात्मक विकास के लिए राज्य शासन ने 14 करोड़ 8 लाख 22 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से दो नए जी+1 शैक्षणिक भवन, 100 सीटर बालिका छात्रावास, बाउंड्री वॉल, पार्किंग शेड तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा एकीकृत निविदा के माध्यम से कराया जाएगा। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार पहले भवन में सिविल, मैकेनिकल और माइनिंग इंजीनियरिंग विभाग संचालित होंगे, जबकि दूसरे भवन में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग और एमबीए विभाग स्थापित किए जाएंगे। सभी विभागों के लिए आधुनिक प्रयोगशालाओं का भी निर्माण होगा। महाविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि वर्ष 2010 से लंबित अधोसंरचना विकास योजना को इस स्वीकृति से गति मिलेगी। बाउंड्री वॉल के निर्माण के बाद परिसर को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में भी कार्रवाई आसान होगी। साथ ही महाविद्यालय परिसर का स्वरूप अधिक आधुनिक और सुव्यवस्थित होगा। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र भेजने के बाद यह स्वीकृति मिली है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur