Breaking News

अम्बिकापुर@नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर सियासत तेज : अंबिकापुर में कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला,मानसून में गरीबों के घर तोड़ने पर सरकार को घेरा

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अब प्रदेश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गई है। शुक्रवार को इसी कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने अंबिकापुर के घड़ी चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए बुलडोजर कार्रवाई को गरीब विरोधी और अमानवीय बताया। कांग्रेस का आरोप है कि सोमवार को रायपुर के माना स्थित नकटी गांव में प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 85 मकानों पर बुलडोजर चलाया। पार्टी का दावा है कि इनमें 32 मकान इंदिरा आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने हुए थे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बरसात के मौसम में गरीब परिवारों के सिर से छत छीन लेना सरकार की असंवेदनशीलता का परिचायक है।
टी.एस. सिंहदेव के दौरे के बाद प्रदेशव्यापी विरोध : कांग्रेस ने इस पूरे मामले को प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप दिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव गुरुवार को नकटी गांव पहुंचे थे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दौरे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई को ‘अमानवीय और असंवेदनशील’ बताते हुए राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री के पुतला दहन का निर्णय लिया। इसी क्रम में सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर के घड़ी चौक पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री पर साधा निशाना : कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर भी राजनीतिक हमला बोला। बालकृष्ण पाठक ने कहा कि प्रदेश में जब भी जनता महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था या प्रशासनिक फैसलों को लेकर सवाल उठाती है, तब सरकार के पास ‘मोदी की गारंटी’ के अलावा कोई जवाब नहीं होता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदेश की जनता के प्रति उनकी स्वयं की क्या गारंटी है।
’भाजपा के भीतर भी असंतोष’ का दावा : कांग्रेस नेताओं ने यह भी दावा किया कि इस कार्रवाई को लेकर भाजपा के अंदर भी असंतोष है। उनका कहना था कि भाजपा के ही जनप्रतिनिधि सरकार और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि यह निर्णय व्यापक सहमति के बिना लिया गया।
आश्वासन के बाद भी चली कार्रवाई…
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि नकटी गांव के लोगों को स्थानीय सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भरोसा दिलाया था कि बारिश के दौरान किसी भी परिवार का घर नहीं तोड़ा जाएगा। इसके बावजूद प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने ही जनप्रतिनिधियों के आश्वासनों का सम्मान नहीं कर रही है।
सुप्रीम कोर्ट की भावना के विपरीत कार्रवाई का आरोप
कांग्रेस ने दावा किया कि मानसून के दौरान लोगों के मकान तोड़ना सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों और मानवीय सिद्धांतों की भावना के विपरीत है। बालकृष्ण पाठक ने कहा कि यदि किसी स्थान से अतिक्रमण हटाना आवश्यक भी हो, तो प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार की होती है। बिना समुचित व्यवस्था किए गरीबों के घर उजाड़ना असंवेदनशील प्रशासनिक रवैया है।
पुलिस से हुई झूमा-झटकी
मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और झूमा-झटकी की स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर प्रदर्शन समाप्त किया।
बड़ी संख्या में कांग्रेस
कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में जे.पी. श्रीवास्तव, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, सत्येंद्र तिवारी, जगन्नाथ कुशवाहा, नुरुल अमीन सिद्दीकी, दुर्गेश गुप्ता, प्रशांत सिंह ‘चीकू’, सरोज साहू, ए.पी. शांडिल्य, डॉ. लालचंद यादव, अतुल तिवारी, रसीद अहमद, संजय सिंह, शांतनु मुखर्जी, जमील खान, लोकेश कुमार, अमित तिवारी ‘राजा’, विकल झा, जीवन यादव, धर्मेंद्र ताम्रकार, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

सूरजपुर@ निर्माणाधीन शासकीय पॉलिटेक्निक भवन का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

Share निर्माण कार्य की धीमी गति पर जताई नाराजगी,पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य …

Leave a Reply