Breaking News

अम्बिकापुर@सत्ता से जुड़े लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं?’ कांग्रेस का पुलिस-प्रशासन पर बड़ा हमला

Share

  • वायरल ऑडियो…सीतापुर विधायक विवाद और भिट्ठीकला जमीन घोटाले में लीपापोती का आरोप…6 जुलाई को आईजी कार्यालय तक निकलेगी ‘न्याय यात्रा’
  • एसआईटी जांच की मांग दोहराई…कहा…कानून का डंडा सिर्फ आम आदमी पर नहीं, प्रभावशाली लोगों पर भी समान रूप से चलना चाहिए…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले के तीन चर्चित मामलों को लेकर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा किया हैं। गुरुवार को राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिन मामलों में सत्तारूढ़ दल के नेताओं अथवा उनके प्रभावशाली समर्थकों के नाम सामने आए हैं,उनमें पुलिस की कार्रवाई या तो बेहद धीमी है या फिर जांच को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है। कांग्रेस ने इसे कानून के समान अनुपालन के सिद्धांत के विपरीत बताते हुए तीनों मामलों की एसआईटी से जांच कराने की मांग दोहराई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि यदि आम नागरिक के खिलाफ तत्काल अपराध दर्ज हो सकता है तो सत्ता से जुड़े लोगों के मामलों में अलग मापदंड क्यों अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि इन मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर 6 जुलाई को राजीव भवन से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय तक न्याय यात्रा निकाली जाएगी और ज्ञापन सौंपा जाएगा।
पहला मामला : वायरल ऑडियो पर कार्रवाई नहीं होने पर सवाल…
कांग्रेस ने सबसे पहले हाल में सामने आए कथित वायरल टेलीफोनिक ऑडियो का मुद्दा उठाया। पार्टी का कहना है कि 18-19 जून के बीच वायरल हुए इस ऑडियो में कलाकेन्द्र मैदान के आबंटन के बदले लाखों रुपये के लेन-देन की चर्चा है। कांग्रेस का दावा है कि बातचीत में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया और महापौर मंजूषा भगत की आवाज होने की बात कही जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 22 जून को महापौर ने स्वयं संबंधित ऑडियो को एआई से तैयार किया गया बताते हुए आजाक थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसके बावजूद अब तक न अपराध दर्ज हुआ और न ही प्रभावी जांच शुरू हुई। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब शहर की प्रथम नागरिक की शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं हो रही,तो इससे पुलिस की कार्यशैली पर संदेह पैदा होता है।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि इस मामले में संबंधित पक्षों को अपने कॉल रिकॉर्ड सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
कांग्रेस ने गिनाई अपनी पहल…
कांग्रेस ने बताया कि 22 जून को कलेक्टर को ज्ञापन देकर एसआईटी जांच की मांग की गई थी। इसके बाद 27 जून को नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल आजाक थाना पहुंचा, जहां जानकारी मिली कि मामला उनके क्षेत्राधिकार का नहीं है और कोई अपराध दर्ज नहीं किया गया है। इसके बाद 28 जून को पुलिस अधीक्षक से मिलकर तीन दिनों के भीतर एसआईटी गठित करने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ।
दूसरा मामला : सीतापुर विधायक और नायब तहसीलदार विवाद
कांग्रेस ने 27 मई को सीतापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद का भी उल्लेख किया। कांग्रेस का आरोप है कि घटना के प्रत्यक्षदर्शी स्वयं एसडीएम थे और पूरे प्रदेश के राजस्व कर्मचारी विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए थे,लेकिन गंभीर धाराएं लगने के बावजूद आज तक गिरफ्तारी नहीं हुई।
कांग्रेस ने कहा कि उसने 3 जून को राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की थी। पार्टी का आरोप है कि सत्ता के दबाव में कार्रवाई लंबित रखी गई।
तीसरा मामलाः भिट्ठीकला जमीन घोटाला
प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने भिट्ठीकला की एक विधवा महिला की जमीन के कथित फर्जीवाड़े का मामला भी प्रमुखता से उठाया। पार्टी का आरोप है कि 24 डिसमिल भूमि की खरीद के नाम पर कूटरचना कर पूरी 3.14 एकड़ जमीन हड़प ली गई। कांग्रेस के अनुसार कलेक्टर ने तहसीलदार को संबंधित लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई।
कांग्रेस का दावा है कि मामले में प्रभावशाली लोगों की निकटता के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है। पार्टी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव भी पीडि़त महिला से मिल चुके हैं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
न्याय यात्रा की घोषणा
कांग्रेस ने घोषणा की कि 6 जुलाई को राजीव भवन से आईजी कार्यालय तक न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। यात्रा के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर वायरल ऑडियो, सीतापुर विधायक विवाद और भिट्ठीकला जमीन मामले में एसआईटी गठित कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी। अंत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा,जब सत्ता से जुड़े लोगों के मामलों में पुलिस निष्कि्रय दिखाई देती है और आम नागरिकों पर तत्काल कार्रवाई होती है,तब कानून के समान अनुपालन पर प्रश्न उठना स्वाभाविक है। जबकि नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा,यदि प्रभावशाली लोगों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होगी तो जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास कमजोर होगा। कानून सबके लिए समान होना चाहिए।


Share

Check Also

सूरजपुर@ बाजार गये युवक की संदेहास्पद मौत

Share -संवाददाता-सूरजपुर,02 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम पीपरखार निवासी रामअवतार …

Leave a Reply