एक की मौत,छह गंभीर घायल,फरार ट्रक चालक की तलाश में पुलिस
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। रामगढ़ महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर पैदल घर लौट रहे सात नाबालिग किशोर मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरडीह के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से किशोरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि सभी किशोर सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। दुर्घटना में एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उदयपुर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
टक्कर के बाद सड़क पर मची चीख-पुकार : जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के ग्राम मंहगई श्रीनगर निवासी 15 वर्षीय विकास अगरिया पिता रिगु अगरिया अपने छह साथियों के साथ मंगलवार को रामगढ़ महोत्सव देखने आया था। उसके साथ छोटेलाल, दिनेश, देवप्रसाद, अंजय, टिलो सहित अन्य किशोर मौजूद थे। सभी की उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है। महोत्सव में कार्यक्रम देखने के बाद रात करीब 12 बजे सभी किशोर पैदल अपने गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम डुमरडीह के पास अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर उछलकर सड़क पर जा गिरे। किसी के सिर में गंभीर चोट आई तो किसी के पैर और जबड़े में चोट लगी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
किराना दुकानदार ने दी सूचना, डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल : घटना के बाद घायलों की आवाज सुनकर पास के एक किराना व्यवसायी ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान 15 वर्षीय विकास अगरिया की मौत हो गई, जबकि छह अन्य किशोरों का उपचार जारी है।
बेटे के लौटने का इंतजार
करता रह गया परिवार
बुधवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतक के पिता रिगु अगरिया ने बताया कि विकास दोस्तों के साथ रामगढ़ महोत्सव देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। उन्हें उम्मीद थी कि बेटा कार्यक्रम देखकर वापस लौट आएगा, लेकिन हादसे की खबर ने परिवार को तोड़ दिया। विकास की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों
से ट्रक की तलाश
उदयपुर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से फरार ट्रक और चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur