-संवाददाता-
रघुनाथनगर/बलरामपुर,30 जून 202६ (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही नाबालिग लड़की के लापता होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग लड़की अपने मूल निवास उत्तर प्रदेश से करीब तीन-चार वर्षों से रघुनाथनगर क्षेत्र में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। बीते 26 जून 2026 की रात वह खाना खाने के बाद सोने चली गई थी। रात करीब 12 बजे से 1ः30 बजे के बीच उसकी मामी की नजर पड़ी तो वह घर में मौजूद नहीं थी। परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की,लेकिन लड़की का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद नाबालिग के मामा ने रघुनाथनगर थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला,शुरू की तलाश : शिकायत के आधार पर रघुनाथनगर थाना में अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने नाबालिग की तलाश शुरू की। जांच और पतासाजी के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर क्षेत्र में है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 जून 2026 को उसे बरामद कर लिया।
पीडि़ता के बयान के बाद आरोपी पर कार्रवाई : बरामदगी के बाद पुलिस ने नाबालिग का बयान न्यायालय के समक्ष कराया। पीडि़ता ने अपने बयान में बीजपुर निवासी अभिषेक उरांव द्वारा गलत कार्य किए जाने की जानकारी दी। पीडि़ता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में अन्य आवश्यक कानूनी धाराएं जोड़ीं और आरोपी की तलाश शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार,न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल : पुलिस ने आरोपी अभिषेक उरांव पिता बहादुर उरांव,उम्र करीब 18 वर्ष 25 दिन, निवासी बीजपुर थाना बीजपुर जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया। जांच में पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को 30 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur