चलित थाना लगाकर आमजन से सीधा संवाद,भारतीय न्याय संहिता, साइबर अपराध और सुरक्षा संबंधी विषयों पर किया जा रहा जागरूक
बलरामपुर,30 जून 2026 (घटती-घटना)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बलरामपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार जून 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक माह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को सरदार पटेल के प्रेरणादायी जीवन,राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वादीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
गांव-गांव और हाट-बाजारों में पहुंच रही पुलिस टीम
अभियान के तहत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों,स्कूल-कॉलेजों तथा विभिन्न हाट-बाजारों में चलित थाना लगाकर आम लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। पुलिस द्वारा नागरिकों को कानून संबंधी जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनी जा रही हैं और आवश्यक समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
सरदार पटेल के जीवन और योगदान से कराया जा रहा परिचय
जनजागरूकता कार्यक्रमों में नागरिकों को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके संघर्ष,राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों तथा उनके आदर्शों के बारे में जानकारी दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया जा रहा है कि सरदार पटेल का जीवन देश सेवा,दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण है।
भारतीय न्याय संहिता के नए प्रावधानों की दी जा रही जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान आम नागरिकों को भारतीय न्याय संहिता के प्रमुख प्रावधानों, नए आपराधिक कानूनों में हुए बदलाव, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों और कानून के पालन के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा,यातायात नियमों का पालन और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की जा रही है।
3000 से अधिक लोग हुए लाभान्वित
बलरामपुर जिले में अब तक आयोजित इन जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 3000 से अधिक नागरिकों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। ग्रामीणों और आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल को उपयोगी और जनहितकारी बताते हुए इसकी सराहना की है।
पुलिस की अपील—जागरूक नागरिक बनें,कानून व्यवस्था में सहयोग करें
बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून की जानकारी प्राप्त कर स्वयं जागरूक बनें और समाज में शांति,सुरक्षा एवं बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur