Breaking News

अम्बिकापुर@खैरबार में दंतैल हाथी का आतंक : रात में आबादी के बीच पहुंचा,बाउंड्री वॉल तोड़ी,फसलें रौंदी

Share


ग्रामीणों में दहशत,वन विभाग ने जारी की सतर्कता की अपील,नुकसान का आकलन शुरू


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जून 2026 (घटती-घटना)। शहर से लगे खैरबार क्षेत्र में मंगलवार रात दंतैल हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आबादी वाले इलाके में घुसे हाथी ने कई घरों की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त कर दी, वहीं खेतों और बाडि़यों में लगी फसलों तथा केले के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हाथी मछिन्दरपारा क्षेत्र में पहुंचा। अंधेरे में जब ग्रामीणों ने आबादी के बीच हाथी को देखा तो अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और दूर रहकर टॉर्च की रोशनी में हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने रास्ते में आने वाले कई घरों की बाउंड्री वॉल तोड़ दी। इसके अलावा खेतों में खड़ी फसल और बाडि़यों में लगे केले के पेड़ों को भी रौंद दिया। अचानक रिहायशी क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी से लोगों में पूरी रात भय का माहौल बना रहा। हाथी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विभाग ने बांकी डैम,कोरिमा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वन विभाग ने अपील की है कि ग्रामीण रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, हाथी के करीब जाने का प्रयास न करें और किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल विभाग को दें। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ने से खेती और सुरक्षा दोनों को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब वन विभाग के सामने हाथी को सुरक्षित जंगल क्षेत्र की ओर वापस भेजने और ग्रामीणों को नुकसान से बचाने की चुनौती बनी हुई है।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में प्रधानमंत्री आवास योजना पर सवाल….पक्के मकान वालों को भी लाभ देने का आरोप,पुराने घर की छत पर आवास निर्माण की शिकायत,जांच की मांग

Share -राजेन्द्र शर्मा-खड़गवां,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने …

Leave a Reply