- नयनपुर के बासबाड़ी क्षेत्र में चल रहा था हार-जीत का खेल,पुलिस को देखते ही कई आरोपी फरार
-संवाददाता-
सूरजपुर 30 जून 2026 (घटती-घटना)। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नयनपुर के बासबाड़ी क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ पर दबिश दी, पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि कुछ अन्य आरोपी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गए, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, दो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन सहित कुल 1,08,335 मूल्य की संपत्ति जब्त की है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है, इसी अभियान के तहत 28 जून 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नयनपुर के बासबाड़ी क्षेत्र में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं,सूचना की पुष्टि होने के बाद थाना सूरजपुर की पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर तत्काल मौके के लिए रवाना हुई, पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान कुछ आरोपी मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को रंगे हाथ पकड़ लिया,गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवराम राजवाड़े (30 वर्ष), निवासी भिरवगंज,जिला सूरजपुर तथा हितेश कुमार साहू (30 वर्ष), निवासी जयनगर, जिला कोरिया के रूप में हुई है, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 51,335 नकद, होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-15-CJ-2165), बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-29-A-2608) तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया। जब्त की गई संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 1,08,335 बताया गया है,पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम,2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है,मामले में देहाती नालिशी दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की गई,चूंकि अपराध जमानतीय श्रेणी का था,इसलिए नियमानुसार सक्षम जमानतदार प्रस्तुत किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया,सूरजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों के कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा,पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में जुआ,सट्टा,अवैध शराब या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस चौकी को सूचित करें, पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur