Breaking News

अम्बिकापुर@रामगढ़ महोत्सव का भव्य समापन,मुख्यमंत्री ने दी विकास की सौगात

Share

रामगढ़ की ऐतिहासिक धरोहरों को विश्व पहचान दिलाने का संकल्प,विकास के लिए 1 करोड़ रुपए की घोषणा…


संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के ऐतिहासिक स्थल रामगढ़ में आयोजित दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 का समापन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। मुख्यमंत्री ने महोत्सव को छत्तीसगढ़ की संस्कृति,इतिहास,साहित्य और प्राकृतिक विरासत का उत्सव बताते हुए क्षेत्र के विकास और पर्यटन विस्तार पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ केवल एक पर्यटन स्थल नहीं,बल्कि हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। सीताबेंगरा गुफा, जोगीमारा गुफा,प्राचीन शिलालेख और हाथीपोल जैसी धरोहरें छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पहचान हैं। उन्होंने कहा कि सीताबेंगरा गुफा प्राचीन नाट्यशाला के रूप में प्रसिद्ध है,वहीं जोगीमारा गुफा की भित्तिचित्र कला और शिलालेख क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाते हैं। महाकवि कालिदास की रचना ‘मेघदूतम्’ से भी रामगढ़ का संबंध माना जाता है।
रामगढ़ विकास के लिए
1 करोड़ रुपए की घोषणा…

मुख्यमंत्री श्री साय ने रामगढ़ क्षेत्र के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए की घोषणा की। साथ ही क्षेत्रवासियों की मांग पर उदयपुर एवं डूमरडीह को मिलाकर नगर पंचायत बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रामगढ़ सहित प्रदेश की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं पर्यटन विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे पर्यटकों की संख्या बढ़े और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें।
सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा जिले में पिछले ढाई वर्षों में 2387 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने किसानों,महिलाओं, आवास, तीर्थ दर्शन और युवाओं के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान मूल्य और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपए की राशि दी जा रही है।
6 पहाड़ी कोरवा बच्चों का कराया शाला प्रवेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के 6 बच्चों का शाला प्रवेश कराया। उन्होंने बच्चों को अध्ययन सामग्री देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं सरगुजा के पर्यटन स्थलों पर डॉक्यूमेंट्री तैयार करने वाले टूरिज्म इन्फ्लूएंजर को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंत्रियों ने भी बताई महत्ता…
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ महोत्सव संस्कृति,लोककला और परंपराओं के संरक्षण का माध्यम है। कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि रामगढ़ ऐतिहासिक,पौराणिक और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। समापन समारोह में जनप्रतिनिधि,अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
रामगढ़ को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद
रामगढ़ महोत्सव ने एक बार फिर सरगुजा की ऐतिहासिक पहचान को सामने रखा है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विकास घोषणाओं के साथ रामगढ़ में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा और यह स्थल राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएगा।


Share

Check Also

रघुनाथनगर/बलरामपुर@मामा के घर पढ़ाई करने आई नाबालिग लड़की लापता, सोनभद्र से बरामद,आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

Share -संवाददाता-रघुनाथनगर/बलरामपुर,30 जून 202६ (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में मामा के घर …

Leave a Reply