-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 जून 2026 (घटती-घटना)। साइबर ठगी में कथित रूप से इस्तेमाल किए गए म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक युवक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। साइबर सेल के प्रतिवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 317(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार साइबर सेल, सरगुजा से प्राप्त पत्र के आधार पर जांच की गई। जांच में सत्यम केशरी निवासी सत्तीपारा के नाम से संचालित एक बैंक खाते को साइबर ठगी में प्रयुक्त लेयर-1 म्यूल अकाउंट पाया गया। संबंधित खाते से जुड़े मोबाइल नंबर का भी सत्यापन किया गया। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित बैंक खाते के विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर अपराध समन्वय पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के परसामलिक थाना क्षेत्र में 5,440 रुपए तथा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के प्रधाननगर थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपए की साइबर ठगी से संबंधित शिकायत शामिल है। पुलिस के अनुसार संबंधित व्यक्ति के नाम पर एक अन्य बैंक खाते की भी जानकारी मिली है, जिसकी गतिविधियां भी संदिग्ध पाई गई हैं। साइबर सेल के निर्देश पर खातों और उनसे जुड़े मोबाइल नंबरों की जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur