Breaking News

अम्बिकापुर@व्यापारिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त, ज्वेलर्स और व्यापारियों के साथ हुई अहम बैठक

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 जून 2026 (घटती-घटना)। नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और व्यापारिक संस्थानों में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों, ज्वेलर्स दुकान संचालकों एवं प्रमुख व्यापारिक संस्थानों के संचालकों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को अपने संस्थानों में सुरक्षा के लिए उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, कैमरों की रिकॉर्डिंग क्षमता अधिक रखने, समय-समय पर उनका रखरखाव करने और सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुकानों और संस्थानों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, चेहरे ढककर आने वाले ग्राहकों, हेलमेट या मास्क पहनकर बैठे लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही बड़ी रकम एवं सोने-चांदी के सामान के परिवहन के दौरान सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। बैठक में चौक-चौराहों पर व्यापारियों के सहयोग से आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने, पहले से लगे कैमरों के बेहतर संचालन, आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने और संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि नगर की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। बैठक में चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों, ज्वेलर्स संचालकों,नगर के व्यापारीगण सहित साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@अंबिकापुर नगर निगम में 9 एल्डरमैन की नियुक्ति करताराम गुप्ता और संतोष दास सहित कई नाम शामिल

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,26 जून 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश …

Leave a Reply