खातों में ठगी की रकम मिलने पर कोतवाली एवं साइबर सेल की कार्रवाई, अन्य आरोपी की तलाश जारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 जून 2026 (घटती-घटना)। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक अकाउंट एवं संदिग्ध मोबाइल नंबरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली एवं साइबर सेल पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खातों में ठगी की रकम पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर म्यूल अकाउंट धारकों एवं फर्जी मोबाइल नंबरों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जांच के दौरान दो बैंक खातों में साइबर ठगी से संबंधित रकम का लेन-देन पाया गया।
जांच में शुभम यादव निवासी बाबूपारा अंबिकापुर के बैंक खाते में 42,499 रुपये तथा धीरज पाण्डेय निवासी अंबिकापुर के बैंक खाते में 22,563 रुपये ठगी की रकम प्राप्त होना पाया गया। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 428/26 धारा 318(4), 317(4), 61(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में—
- शुभम यादव (26 वर्ष), निवासी बाबूपारा जोड़ा तालाब अंबिकापुर
- धीरज पाण्डेय (20 वर्ष), निवासी मठपारा, थाना मणीपुर अंबिकापुर
- शिवम यादव (25 वर्ष), निवासी बाबूपारा जोड़ा तालाब अंबिकापुर
- कृष गुप्ता (21 वर्ष), निवासी मठपारा सिटी बस स्टैंड के पास अंबिकापुर
शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाते एवं सिम उपलब्ध कराने तथा रकम के लेन-देन में सहयोग करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार शिवम यादव एवं कृष गुप्ता ने आपराधिक षड्यंत्र कर शुभम यादव और धीरज पाण्डेय के नाम से बैंक खाते खुलवाने एवं सिम उपलब्ध कराने में सहयोग किया था। धीरज पाण्डेय द्वारा पुलिस को शिवम यादव एवं कृष गुप्ता से बातचीत का ऑडियो उपलब्ध कराया गया, जिसे पुलिस ने जब्त किया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शेष है, जिसकी तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अमन पुरी, शिव राजवाड़े एवं मंटूलाल गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur