बलंगी,25 जून 2026 (घटती घटना)। बलरामपुर जिले के थाना रघुनाथनगर अंतर्गत बलंगी चौकी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे जुआ प्रकरण के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 18 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलंगी चौकी क्षेत्र के ग्राम करी जंगल में दीगर राज्य एवं रघुनाथनगर क्षेत्र के कुछ जुआरी ताश के बावन पत्तों से लाखों रुपये का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर बलरामपुर मुख्यालय पुलिस टीम एवं बलंगी चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आशीष पांडे निवासी कसारी एवं गुलाब चंद जायसवाल निवासी रमेशपुर थाना रघुनाथनगर को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। वहीं आरोपी योगेंद्र जायसवाल पिता रामगुलाम जायसवाल निवासी ग्राम रघुनाथनगर अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गया था। विवेचना एवं फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने आरोपी योगेंद्र जायसवाल को 25 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को रामानुजगंज जेल दाखिल किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 56/2026, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं बीएनएस धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur