अम्बिकापुर,25 जून 2026 (घटती-घटना)। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर लंदन से महंगे गिफ्ट भेजने और व्यवसाय में लाभ दिलाने का झांसा देकर साइबर ठग ने शहर की एक महिला से एक लाख 53 हजार रुपए ठग लिए। ठगी का एहसास होने पर महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नमनाकला निवासी महिला की 15 जून को इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से पहचान हुई। युवक ने अपना नाम रवि कुमार अग्रवाल बताते हुए खुद को लंदन में व्यवसायी बताया। बातचीत के दौरान उसने महिला से व्हाट्सएप पर संपर्क किया और कुछ ही दिनों में विश्वास जीत लिया। आरोपी ने महिला को व्यवसाय में अच्छा मुनाफा होने का लालच दिया और लंदन से कीमती गिफ्ट भेजने की बात कही। शुरुआत में महिला ने मना कर दिया, लेकिन बार-बार आग्रह करने पर उसने अपना पता साझा कर दिया। 18 जून की सुबह महिला के पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसके नाम लंदन से भेजे गए पार्सल में सोना, डायमंड सहित अन्य कीमती सामान है। पार्सल लेने के लिए कस्टम शुल्क जमा कराने की बात कही गई। महिला ने इसकी जानकारी रवि अग्रवाल को दी तो उसने भरोसा दिलाया कि वह लंदन से पौंड भेज
देगा और फिलहाल कस्टम चार्ज जमा कर दें। उसके झांसे में आकर महिला ने पहले 27 हजार रुपए धमखील लोखंडे नामक व्यक्ति के खाते में जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी ने फिर संपर्क कर कहा कि लंदन से भेजी गई राशि को भारत में एक्सचेंज कराने के लिए 45 हजार रुपए टैक्स देना होगा। महिला ने मना किया तो आरोपी ने अपने दस्तावेज फंसने और करियर खराब होने की बात कहकर भावनात्मक दबाव बनाया। इसके बाद महिला ने 45 हजार रुपए बैंक में और 81 हजार रुपए च्वाइस सेंटर के माध्यम से जमा कर दिए। आरोपी ने इसके बाद व्हाट्सएप पर दिल्ली आने का फर्जी हवाई टिकट भेजते हुए भरोसा दिलाया कि वह खुद पार्सल लेकर अंबिकापुर पहुंचेगा। 19 जून को उसने फिर फोन कर पार्सल देने के नाम पर 63 हजार रुपए और मांगे। इस बार महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने रुपए देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने संपर्क बंद कर दिया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में नहीं आने और गिफ्ट, कस्टम चार्ज या विदेशी पार्सल के नाम पर किसी भी खाते में राशि जमा नहीं करने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur