,
बारिश में जलभराव से मिलेगी राहत
महापौर ने एनएच,पीडब्ल्यूडी और निगम अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक,
निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की जानकारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 जून 202६ (घटती-घटना)। शहर में प्रस्तावित फोरलेन सडक निर्माण और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर बुधवार को महापौर कक्ष में नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर बनने वाली फोरलेन सडक, जल निकासी व्यवस्था और निर्माण कार्य की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में रेलवे स्टेशन से गांधी चौक,भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तथा लरंगसाय चौक से रिंग रोड तक स्वीकृत फोरलेन सडक परियोजना पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। सडक निर्माण के साथ-साथ दोनों ओर पक्की नालियां भी बनाई जाएंगी, जिससे बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन से गांधी चौक तक जल निकासी के लिए सात क्रॉस ड्रेनेज (क्रॉसिंग) पुलियों का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक चार अतिरिक्त क्रॉसिंग पुलियां बनाई जाएंगी। इन संरचनाओं के बनने से शहर के कई हिस्सों में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। बैठक में विशेष रूप से मार्डन विहार, होंडा शोरूम, राजमोहिनी भवन और फिजियोथेरेपी अस्पताल के सामने बारिश के दौरान होने वाले जलभराव पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित नालियों और पुलियों के निर्माण के बाद इन क्षेत्रों में पानी जमा होने की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। महापौर ने नगर निगम के सभी जोन प्रभारी अभियंताओं को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों का प्रतिदिन भ्रमण करें और जल निकासी,नालियों की सफाई तथा सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करें। उन्होंने कहा कि कहीं भी जलभराव या गंदगी की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए,ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में नगर निगम के कार्यपालन अभियंता संतोष रवि, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हितेंद्र सिंह,नगर निगम के सहायक अभियंता दुश्यंत बजाज सहित उप अभियंता प्रियांका पटेल,निकहत सबरीन, दिलीप कश्यप,रितेश कंवर,प्रेम प्रकाश दुबे,सतीश रवि, राष्ट्रीय राजमार्ग के उप अभियंता राजेंद्र तिग्गा तथा लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता सतीश साहू सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur