Breaking News

अम्बिकापुर@ गांधी उद्यान बचाओ’ की उठी आवाज

Share


5.68 एकड़ जमीन को फिर हरियाली में बदलने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कलेक्ट्रेट के सामने स्थित गांधी उद्यान बना आयोजनों का स्थल,सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश मिश्रा बोले- शहर को चाहिए बच्चों-बुजुर्गों के लिए एक बेहतर पार्क…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 जून 2026 (घटती-घटना)।
शहर के हृदय स्थल में स्थित गांधी उद्यान (कला केंद्र) को उसके मूल स्वरूप में विकसित करने की मांग तेज हो गई है। तरु-नीर समिति के अध्यक्ष, भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश मिश्रा ने कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर 5.68 एकड़ भूमि को पुनः जनहित के लिए विकसित करने की मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया है कि शासकीय रिकॉर्ड में प्लाट नंबर 508, रकबा 5.68 एकड़ भूमि गांधी उद्यान, नगर पालिका अंबिकापुर के नाम दर्ज है। यह भूमि शासन के निर्देश के बाद वर्ष 1989 में नगर पालिका को गांधी उद्यान के उद्देश्य से हस्तांतरित की गई थी।
जिस उद्देश्य से मिली जमीन,उसी रूप में हो विकास
कैलाश मिश्रा ने कहा कि भूमि हस्तांतरण का उद्देश्य शहरवासियों के लिए एक सुंदर और उपयोगी उद्यान तैयार करना था,लेकिन वर्तमान में इसका उपयोग प्रदर्शनी,मीना बाजार और अन्य आयोजनों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने इसे गांधी उद्यान की मूल भावना से अलग बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि इस स्थान को फिर से हरियाली और जनसुविधाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर जैसे तेजी से बढ़ते शहर में लोगों को खुले और स्वच्छ वातावरण वाले पार्क की जरूरत है। यहां बच्चों के खेलने, युवाओं के लिए गतिविधियों और बुजुर्गों के टहलने की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए।
लीज अवधि समाप्त,अब नए सिरे से हो पहल
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भूमि की लीज अवधि 31 मार्च 2018 तक थी, जो अब समाप्त हो चुकी है। ऐसे में प्रशासन को जनहित को ध्यान में रखते हुए इस भूमि के उपयोग पर निर्णय लेना चाहिए। ‘शहर के बीचों-बीच मौजूद यह जमीन जनता की सुविधा के लिए उपयोग होनी चाहिए’ — इस मांग के साथ कैलाश मिश्रा ने कलेक्टर से गांधी उद्यान को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की अपील की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है और वर्षों पुराने गांधी उद्यान को नया स्वरूप मिल पाता है या नहीं।


Share

Check Also

रायपुर@छत्तीसगढ़ में नामांकित पार्षदों की नियुक्ति, नगरीय प्रशासन विभाग का आदेश जारी,देखें लिस्ट…

Share रायपुर,25 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने विभिन्न नगर …

Leave a Reply