- 868.35 लाख से बनेगा शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय भवन
- स्थानीय युवाओं को घर के पास मिलेगी उच्च गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा
- दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : स्वास्थ्य मंत्री
-संवाददाता-
मनेन्द्रगढ़,24 जून 2026(घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी (एमसीबी) जिले को एक बड़ी सौगात देते हुए शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ के भवन निर्माण के लिए 868.35 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है,इस स्वीकृति के बाद जिले में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है,स्वीकृत राशि से नर्सिंग महाविद्यालय के लिए आवश्यक भवन और बुनियादी अधोसंरचना का विकास किया जाएगा, इसमें नर्सिंग शिक्षा के विभिन्न पाठ्यक्रमों के संचालन तथा लोक स्वास्थ्य एकीकरण से जुड़े आवश्यक प्रावधान भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार और सेवा के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं, उन्होंने कहा कि मनेन्द्रगढ़ में नर्सिंग महाविद्यालय भवन बनने से जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा,उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा की उपलब्धता से आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आधार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नर्सिंग शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है,प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता से अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी,उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय के माध्यम से भविष्य में क्षेत्र को प्रशिक्षित नर्सिंग मानव संसाधन उपलब्ध होगा,जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
दूरस्थ अंचलों तक चिकित्सा शिक्षा पहुंचाने का संकल्प
श्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल बड़े शहरों तक चिकित्सा शिक्षा सीमित रखना नहीं है,बल्कि दूरस्थ और आदिवासी अंचलों तक भी इसकी पहुंच सुनिश्चित करना है,मनेन्द्रगढ़ में नर्सिंग महाविद्यालय भवन निर्माण की स्वीकृति इसी सोच और संकल्प का परिणाम है, उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है,ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
एमसीबी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि
मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले के गठन के बाद लगातार नई संस्थाओं और अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं को स्वीकृति मिल रही है,नर्सिंग महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए मिली यह स्वीकृति जिले के शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है,विशेषज्ञों का मानना है कि महाविद्यालय के पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद न केवल जिले के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा,बल्कि आसपास के कोरिया,सूरजपुर और सरगुजा संभाग के अन्य क्षेत्रों के छात्रों को भी इसका फायदा मिलेगा।
मुख्य बिंदु…
मनेन्द्रगढ़ नर्सिंग महाविद्यालय भवन निर्माण हेतु 868.35 लाख स्वीकृत
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जारी की प्रशासनिक स्वीकृति
स्थानीय युवाओं को घर के पास नर्सिंग शिक्षा का अवसर
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा प्रशिक्षित मानव संसाधन
दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा शिक्षा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार…
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur