: अब सप्ताह में दो दिन दौड़ेगी अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस
साप्ताहिक ट्रेन की बढ़ी आवृत्ति, सरगुजा संभाग के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग और उत्तर छत्तीसगढ़ के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस के संचालन में विस्तार करते हुए इसे अब सप्ताह में दो दिन संचालित करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार अब 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को अंबिकापुर स्टेशन से रवाना होगी। वहीं 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को दिल्ली से अंबिकापुर के लिए चलेगी। इस निर्णय से सरगुजा,सूरजपुर, बलरामपुर,कोरिया सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी,मरीज एवं उनके परिजनों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अंबिकापुर-दिल्ली रेल सेवा की आवृत्ति बढ़ाने की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही थी। क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज द्वारा भी इस विषय को रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
रेल सेवा के विस्तार को क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस निर्णय पर क्षेत्रवासियों ने भारत सरकार, रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur