Breaking News

बलरामपुर@अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा,6 वाहन जब्त

Share


सेंदूर नदी क्षेत्र में खनिज विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप,खनिज नियमों के तहत होगी कार्यवाही

-संवाददाता-
बलरामपुर,21 जून 2026 (घटती-घटना)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम लगातार जांच अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसी अभियान के तहत सेंदूर नदी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते हुए 6 वाहनों को जब्त किया गया है। खनिज विभाग की टीम ने ग्राम मितगई और पिपरौल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
मितगई से 4 और पिपरौल से मिले 2 वाहन : खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी ने बताया कि जांच के दौरान ग्राम मितगई से 4 वाहन और ग्राम पिपरौल से 2 वाहन अवैध रेत परिवहन करते पाए गए। सभी वाहनों को जब्त कर पुलिस चौकी विजयनगर और तातापानी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लगातार जारी है जांच अभियान : खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकना है। उन्होंने कहा कि अवैध खनिज गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आम लोगों से सहयोग की अपील : खनिज विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ भाजपा नेता नीलेश सिंह ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

Share सोनपुर से लालमाटी तक फैले क्षेत्र के पर्यावरण,वन्यजीव और जैव विविधता संरक्षण के लिए …

Leave a Reply