यमुनोत्री से लेकर संगम तक यमुना को स्वच्छ करने का सौभाग्य हमारी सरकार को मिलने वाला है : अमित शाह
नई दिल्ली,22 अक्टूबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री से लेकर संगम तक पूरी यमुना को स्वच्छ करने का सौभाग्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार को मिलने वाला है। अमित शाह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज यहां यमुना शुद्धिकरण के लिए लगभग 9 हज़ार करोड़ रूपये की महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में हमारी पार्टी की सरकार बनते ही एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना को शुद्ध करने की अपनी संकल्पना दिल्ली सरकार और देश के गृह मंत्रालय के सामने रखी थी। इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से अधिक सफलता प्राप्त कर ली है। अमित शाह ने कहा कि 30 साल से पिछली सरकारों ने दिल्ली के गटर के पानी को यमुना में छोड़ने और हर रोज़ डेयरियों का 2000 टन गोबर यमुना में डालने का काम किया। एक जमाने में उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल के सहयोगी दलों की सरकारें थी और हरियाणा के औद्योगिक कचरे वाला पानी और उत्तर प्रदेश से भी गंदा पानी यमुना में आता था। उन्होंने कहा कि आज केंद्र, दिल्ली, हरियाणा औऱ उत्तर प्रदेश में हमारी ही पार्टी की सरकारें हैं। इन चारों राज्यों की हमारी सरकारों ने मिलकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के लिए समयबद्ध रोडमैप बनाए हैं जिसके माध्यम से हम 2029 तक यमुना को निर्मल बना देंगे। उन्होंने कहा कि हम एक ऐसी दिल्ली बनाना चाहते हैं, जहां घर सुदंर हों, पानी शुद्ध हो, गलियां साफ हों, कूड़े के पहाड़ न हों और यमुना निर्मल होकर यहां से संगम तक की जनता को अपना आशीर्वाद दे सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस काम को एक अडिग संकल्प के रूप में लिया है और आज इस संकल्प के एक बहुत बड़े भाग की पूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि यहां 10 योजनाओं का लोकार्पण हुआ और 33 योजनाओं की शुरुआत हुई है। 8,941 करोड़ की कुल लागत से शुरू हुई योजनाओं के माध्यम से कई लाख लीटर पानी शुद्ध होकर यमुना में जाएगा। दिल्ली के कई इलाकों से जुड़ी परियोजनाओं का आज यहां लोकार्पण हुआ है ।
केजरीवाल ने यमुना में डुबकी लगाने
का झूठा वादा किया : अमित शाह
गृह मंत्री ने कहा, ‘केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया। आपने तो डुबकी नहीं लगाई लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और एम्स में भर्ती करना पड़ा। यमुना के शुद्धिकरण के लिए आपने कुछ काम नहीं किया…विश्व स्तरीय काम भाजपा की सरकार ने किया है और 3 साल का एक एक्शन प्लान हमने बनाया है। हम दिल्ली के हर घर को गटर के पानी के सीवरेज का कनेक्शन देंगे और हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम भी भाजपा करेगी।’ अमित शाह ने आगे कहा, ‘कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं जो बहाने की राजनीति करती हैं। इससे पहले आप पार्टी की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली,वह मदद नहीं मिली। केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी आप सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे। आपने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति करते रहे और हमने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है।
और मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा।’
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur