- प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर के पास सड़क हादसे के बाद हिंसा, दर्जनभर युवकों पर हमला करने का आरोप
- वीडियो बनाने पर भड़के ग्रामीण, डायल-112 के आरक्षक और चालक को पीट-पीटकर किया बेहोश
सूरजपुर, 21 जून 2026 (घटती-घटना)। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात उस समय बेकाबू हो गए जब आक्रोशित लोगों ने पहले दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में आग लगा दी और बाद में घटनास्थल पर पहुंचे डायल-112 के आरक्षक एवं चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी, इस पूरी घटना में तीन युवकों की मौत के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस अब सड़क हादसे के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों पर हुए हमले की भी जांच कर रही है।
शादी समारोह में जा रहे थे चार युवक, ट्रक से टकराई बाइक- जानकारी के अनुसार प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर स्थित ग्राम शिवपुर के पास शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार बाइक बीच सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई, बाइक पर ग्राम बैकोना निवासी चार युवक सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, हादसे में रूपचंद पैंकरा (18 वर्ष) और रवि पैंकरा (15 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश पैंकरा (17 वर्ष) ने प्रतापपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, चौथा युवक अरमान पैंकरा (17 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
तीन मौतों की खबर से गांव में मचा कोहराम- एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही बैकोना गांव में मातम पसर गया, परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, दर्दनाक हादसे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि ग्रामीण दुर्घटना के लिए ट्रक चालक और व्यवस्थाओं को जिम्मेदार ठहरा रहे थे।
गुस्साए लोगों ने ट्रक को किया आग के हवाले- हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर खड़े ट्रक में आग लगा दी, देखते ही देखते ट्रक के अगले हिस्से ने आग पकड़ ली और वाहन जलने लगा, सूचना मिलने पर प्रतापपुर थाना प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, हालांकि तब तक ट्रक का अगला हिस्सा काफी हद तक जल चुका था, पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
डायल-112 के आरक्षक और चालक पर हमला- घटना का सबसे गंभीर पहलू तब सामने आया जब हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 में पदस्थ आरक्षक निशांत टोप्पो और चालक घटनास्थल पर पहुंचे, बताया जा रहा है कि आरक्षक घटनास्थल और जल रहे ट्रक का वीडियो बना रहा था, इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दर्जनभर युवकों ने आरक्षक और चालक को घेर लिया, आरोप है कि दोनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और उन्हें बुरी तरह पीटा गया, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर लगातार गाली-गलौज करते रहे और तब तक मारपीट करते रहे जब तक दोनों बेहोश नहीं हो गए, इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाए गए दोनों कर्मचारी- मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस के अन्य जवान मौके पर पहुंचे और घायल आरक्षक तथा चालक को प्रतापपुर अस्पताल पहुंचाया, दोनों की हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, सरकारी ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ हुई इस घटना को लेकर पुलिस विभाग में भी नाराजगी है।
हमले का वीडियो भी बनाया गया, सोशल मीडिया पर वायरल- पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने मारपीट की पूरी घटना का वीडियो भी बनाया है, यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और उसमें दिखाई देने वाले लोगों की पहचान की जा रही है, अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले कार को मारी थी टक्कर, फिर सड़क पर छोड़ भागा चालक- जांच के दौरान यह भी तथ्य सामने आया है कि जिस ट्रक से बाइक टकराई, उसने हादसे से कुछ समय पहले एक कार को टक्कर मारी थी, टक्कर के बाद कार सवारों और ट्रक चालक के बीच विवाद हो गया था, बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर ट्रक चालक वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया, वहीं कार सवार भी वहां से चले गए, इसी बीच कुछ देर बाद तेज रफ्तार बाइक वहां पहुंची और सड़क पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी, जिससे तीन युवकों की जान चली गई।
कई सवाल छोड़ गई पूरी घटना- यह पूरी घटना कई गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है। यदि ट्रक चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर नहीं भागता तो क्या यह हादसा टल सकता था? दुर्घटना के बाद हालात इतने बेकाबू कैसे हो गए कि सरकारी ड्यूटी पर पहुंचे पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया गया? और आखिर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कितनी तेजी से कार्रवाई होगी? फिलहाल पुलिस सड़क हादसे, ट्रक में आगजनी और सरकारी कर्मचारियों पर हमले के मामलों में अलग-अलग धाराओं के तहत जांच कर रही है, क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और आरोपियों की तलाश जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur