




- क्या न्याय की राह भटक रही जांच? नौगई कांड में उठ रहे नए संदेह…
- आरोपी फरार थे या संरक्षण में? नौगई कांड में आत्मसमर्पण की कहानी पर सवाल
- मृतकों की गाड़ी की जांच हुई,आरोपियों की क्यों नहीं? नौगई कांड में पुलिस कटघरे में…
- आत्मसमर्पण की पटकथा या गिरफ्तारी की हकीकत? नौगई कांड में खुल रहे नए राज…
- नौगई हत्याकांड : जांच से ज्यादा सवाल पैदा कर रही पुलिस की कार्यप्रणाली
- मृतकों की गाड़ी में नहीं मिला हथियार,फिर हमलावरों तक पेट्रोल और संसाधन कैसे पहुंचे?
- मनेंद्रगढ़ में ही क्यों हुआ आत्मसमर्पण…क्या सीडीआर जांच खोलेगी कई राज?
- संदिग्ध लावारिस वाहन का रहस्य अब भी बरकरार…
-रवि सिंह-
कोरिया/सोनहत,20 जून 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगई में हुए तिहरे हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई नए सवाल भी सामने आते जा रहे हैं,तीन लोगों की दर्दनाक मौत, वाहन में आगजनी,पूर्व विवाद की जानकारी, घटना के बाद आरोपियों का फरार होना और फिर मनेंद्रगढ़ में चार आरोपियों के कथित आत्मसमर्पण की कहानी ने पूरे मामले को केवल एक आपराधिक घटना तक सीमित नहीं रहने दिया है, अब यह मामला पुलिस विवेचना की दिशा, उसकी निष्पक्षता और जांच की पारदर्शिता को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है।
दैनिक घटती-घटना किसी भी व्यक्ति को दोषी अथवा निर्दोष घोषित नहीं कर रहा है, यह न्यायालय और जांच एजेंसियों का विषय है, लेकिन जनहित में उठ रहे सवालों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह आवश्यक हो जाता है कि उन सभी पहलुओं पर चर्चा हो जिनकी जांच होने से सच्चाई तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
कथित आत्मसमर्पण की कहानी पर सबसे बड़ा सवाल
पूरे मामले में सबसे अधिक चर्चा चार फरार आरोपियों के मनेंद्रगढ़ पुलिस थाने में किए गए कथित आत्मसमर्पण को लेकर हो रही है, सवाल यह है कि यदि आरोपी वास्तव में आत्मसमर्पण करना चाहते थे तो उन्होंने मनेंद्रगढ़ थाना ही क्यों चुना? आत्मसमर्पण किसी भी जिले के किसी भी पुलिस थाने में किया जा सकता था, आरोपी सीधे न्यायालय में भी आत्मसमर्पण कर सकते थे,वे कोरिया जिले के किसी अन्य थाने में जा सकते थे,पड़ोसी जिले के थानों में जा सकते थे, यहां तक कि दूसरे राज्य में भी कानून के समक्ष प्रस्तुत हो सकते थे,फिर ऐसा क्या कारण था कि सभी आरोपी एक ऐसे थाने पहुंचे जहां एक ऐसे प्रधान आरक्षक की पदस्थापना की चर्चा है जो कथित रूप से उनके स्वजातीय और दूर के रिश्तेदारी संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है? यही प्रश्न पूरे मामले को सामान्य आत्मसमर्पण की कहानी से अलग बना देता है।
जब अन्य कई छोटे मामलों में भी हुई बुलडोजर कार्यवाही,इस मामले में आखिर क्यों नहीं हुई ऐसी कार्यवाही…
पूरे मामले में बुलडोजर कार्यवाही की भी मांग की गई है,इधर ऐसा एक बार भी आभास नहीं हुआ कि प्रशासन का ध्यान इस तरफ है,बुलडोजर कार्यवाही के कई उदाहरण प्रदेश में मौजूद हैं,इस मामले में क्या बुलडोजर कार्यवाही होगी या अब भी पुलिस और प्रशासन मामले को अलग मोड देने में लगा है,आरोपियों के भी आपराधिक रिकॉर्ड की गिनती पुलिस ने की इस आधार पर बुलडोजर कार्यवाही की मांग है,इधर कुछ सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान दें तो यह भी पढ़ने को मिल रहा है कि एक समुदाय विशेष तक ही बुलडोजर कार्यवाही नजर आती है,इस मामले में अब इसका इंतजार है।
पुलिस की कार्यवाही में कोई कहीं से पकड़ाया,कोई आत्मसमर्पण किया,कोई घर से पकड़ाया,पल पल अलग कहानी…
पुलिस की कहानी में चार घर से पकड़े गए या सोनहत से ही पकड़े गए,चार ने आत्मसमर्पण किया और एक खड़गवां से पकड़ाया,अलग अलग कहानी और आत्मसमर्पण सहित एक का एमसीबी जिले में पकड़ा जाना,कुल मिलाकर आरोपी सभी आसपास ही किसी के संरक्षण में थे और वह क्रमशः पुलिस के हांथ आते रहे,एक ही दिन में चार का आत्मसमर्पण एक साथ और एक का पकड़ा जाना अजीब तरह की कहानी।
न्याय का रास्ता केवल निष्पक्ष जांच से…
नौगई तिहरे हत्याकांड में सबसे महत्वपूर्ण बात यह नहीं है कि कौन क्या दावा कर रहा है,सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सत्य क्या है,यदि आत्मसमर्पण हुआ है तो उसके तथ्य सामने आने चाहिए, यदि गिरफ्तारी हुई है तो वह भी स्पष्ट होना चाहिए, यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध नहीं है तो जांच उसे पूरी तरह स्पष्ट कर दे,यदि किसी ने आरोपियों को संरक्षण दिया है तो उसकी भी जवाबदेही तय हो, क्योंकि किसी भी जघन्य अपराध में न्याय केवल आरोपियों की गिरफ्तारी से नहीं मिलता,बल्कि पूरी साजिश,सहयोगियों,संरक्षण देने वालों और घटना की वास्तविक पृष्ठभूमि के उजागर होने से मिलता है।
सवालों के जवाब ही तय करेंगे जांच की विश्वसनीयता
नौगई तिहरे हत्याकांड अब केवल हत्या का मामला नहीं रह गया है,यह पुलिस विवेचना,कथित आत्मसमर्पण,संभावित संरक्षण,तकनीकी साक्ष्यों,संदिग्ध संपर्कों और जांच की पारदर्शिता से जुड़ा मामला बन चुका है,आज जनता, मृतकों के परिजन और पूरा क्षेत्र कुछ मूलभूत सवालों के जवाब चाहता है—आत्मसमर्पण क्यों और कहां हुआ? आरोपियों के संपर्क में कौन था? लावारिस वाहन किसका था? घटना पूर्व पुलिस की तैयारी क्या थी? और क्या जांच हर उस दिशा में आगे बढ़ रही है जहां से सच्चाई सामने आ सकती है? इन सवालों के जवाब ही तय करेंगे कि जांच केवल एक औपचारिक प्रक्रिया थी या वास्तव में न्याय तक पहुंचने का ईमानदार प्रयास।
शुरुआती स्तर पर दुर्घटना की संभावना क्यों व्यक्त की गई?
मामले में एक और चर्चा उस प्रारंभिक बयान को लेकर है जिसमें कथित रूप से घटना को बिजली के तारों से जुड़ी दुर्घटना जैसी संभावना से जोड़कर देखा गया था, लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब फॉरेंसिक रिपोर्ट नहीं आई थी, जब वैज्ञानिक जांच पूरी नहीं हुई थी, तब ऐसा निष्कर्ष किस आधार पर व्यक्त किया गया? क्या यह केवल प्रारंभिक अनुमान था? क्या उपलब्ध परिस्थितियां वास्तव में ऐसा संकेत दे रही थीं? या फिर यह एक जल्दबाजी में दिया गया बयान था? इन सवालों का जवाब भी जनता जानना चाहती है।
क्या कोई बड़ा नाम अब भी जांच से बाहर है?
पूरे मामले में एक प्रभावशाली व्यक्ति के नाम की चर्चा भी लगातार हो रही है, क्षेत्र में कई लोग मानते हैं कि यदि घटना सुनियोजित थी तो केवल प्रत्यक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं होगी, यह भी पता लगाना होगा कि योजना किसने बनाई, किसने सहयोग दिया और किसने फरारी के दौरान मदद की, हालांकि किसी व्यक्ति को केवल चर्चाओं के आधार पर दोषी नहीं माना जा सकता, लेकिन यदि किसी नाम की लगातार चर्चा हो रही है तो जांच एजेंसियों का दायित्व है कि हर संभावना की निष्पक्ष जांच करें।
क्या स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग उचित है?
मृतकों के परिजन और क्षेत्र के अनेक लोग स्वतंत्र जांच एजेंसी से जांच की मांग कर रहे हैं, उनका तर्क है कि मामले में इतने अधिक सवाल और चर्चाएं हैं कि निष्पक्षता को लेकर संदेह पैदा हो रहा है, ऐसी स्थिति में उच्च स्तरीय निगरानी या स्वतंत्र जांच जनता के विश्वास को मजबूत कर सकती है, हालांकि यह निर्णय सरकार और सक्षम प्राधिकारियों का विषय है।
क्या यह आत्मसमर्पण था या गिरफ्तारी?
मामले में सबसे गंभीर चर्चा इसी विषय को लेकर है,सूत्रों का दावा है कि यह आत्मसमर्पण नहीं बल्कि गिरफ्तारी थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, दूसरी ओर पुलिस इसे आत्मसमर्पण बता रही है, यहीं से कई सवाल जन्म लेते हैं,यदि आरोपी स्वयं आत्मसमर्पण करने पहुंचे थे तो क्या उनके थाने पहुंचने के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हैं? वे थाने तक कैसे पहुंचे? क्या वे पैदल पहुंचे? क्या वे निजी वाहन से आए? क्या वे किसी अन्य व्यक्ति के साथ आए? क्या उन्हें कोई पुलिसकर्मी लेकर आया? इन सवालों के जवाब अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि यदि आरोपी स्वयं चलकर कानून के समक्ष उपस्थित हुए हों तो स्थिति अलग है, लेकिन यदि उन्हें किसी पुलिसकर्मी द्वारा लाया गया हो, किसी वाहन में बैठाकर थाने पहुंचाया गया हो या पुलिस पहले से उनके संपर्क में रही हो, तो फिर यह सवाल स्वाभाविक रूप से उठता है कि इसे आत्मसमर्पण क्यों कहा जा रहा है? कानूनी दृष्टि से भी आत्मसमर्पण और गिरफ्तारी दो अलग-अलग परिस्थितियां हैं, यदि पुलिस किसी आरोपी तक पहुंचती है, उसे अपने साथ लेकर आती है अथवा उसके सामने आने की व्यवस्था करती है तो उस स्थिति को लेकर विस्तृत जांच आवश्यक हो जाती है।
प्रधान आरक्षक की भूमिका क्यों बन रही है चर्चा का विषय?
पूरे मामले में एक प्रधान आरक्षक का नाम लगातार चर्चा में है,स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि आरोपी और उक्त प्रधान आरक्षक स्वजातीय संबंध रखते हैं और दूर की रिश्तेदारी भी बताई जाती है, दैनिक घटती-घटना किसी भी पुलिसकर्मी पर आरोप नहीं लगा रहा है, लेकिन यदि ऐसी चर्चाएं व्यापक स्तर पर मौजूद हैं तो निष्पक्ष जांच की दृष्टि से संबंधित पुलिसकर्मी की भूमिका की जांच आवश्यक मानी जा रही है, क्या घटना के बाद आरोपी और संबंधित पुलिसकर्मी संपर्क में थे? क्या फरारी के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई? क्या किसी प्रकार का मार्गदर्शन या संरक्षण उपलब्ध कराया गया? क्या कथित आत्मसमर्पण से पहले कोई संवाद हुआ? इन सभी प्रश्नों का उत्तर मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर),लोकेशन डेटा और डिजिटल साक्ष्यों से मिल सकता है।
पुलिस ने खुद एमसीबी जिला मुख्यालय ले जाकर आरोपियों का दिखाया
आत्मसमर्पण,सूत्र सूत्रों का कहना है कि एमसीबी जिले के एक प्रधान आरक्षक ने आत्मसमर्पण की कहानी गढ़ी है,यह जबकि गिरफ्तारी है,आरोपियों को पुलिस खुद गाड़ी में लेकर पुलिस थाने पहुंची है और वह इसे आत्मसमर्पण का मामला बतला रही है, पूरे मामले में अब सीबीआई जांच ही असल सच्चाई सामने ला सकती है वरना जारी कार्यवाही आरोपियों के पक्ष में बचाव अभियान नजर आ रही है।
शिक्षा मंत्री ने मामले में दिया अबतक का सबसे बड़ा बयान,जमीदोज होंगे…
मामले के आरोपियों के घर पूरे मामले में अब तक का सबसे बड़ा बयान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का सामने आया है, उन्होंने पत्रकारों के सवालों पर साफ तौर पर यह कहा है कि मामले के आरोपियों के घर निश्चित ही जमीदोज किए जाएंगे,शिक्षा मंत्री के इस बयान को शासन और सरकार की सुशासन मानसिकता से जोड़कर देखा जा रहा है, इस बयान की चौतरफा चर्चा है और माना जा रहा है कि सरकार इस मामले में विचार घर जमीदोज करने का कर चुकी है।
क्या सीडीआर जांच खोल सकती है पूरा राज?
आधुनिक आपराधिक जांच में सीडीआर सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्यों में से एक मानी जाती है,यदि जांच एजेंसियां आरोपियों, उनके करीबी लोगों और चर्चा में आए पुलिसकर्मियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच करें तो कई बातें स्पष्ट हो सकती हैं,घटना के पहले कौन किसके संपर्क में था? घटना के बाद किसने किससे बात की? फरारी के दौरान आरोपी किन लोगों से जुड़े रहे? मनेंद्रगढ़ पहुंचने से पहले उनकी लोकेशन क्या थी? क्या वे वास्तव में फरार थे या किसी सुरक्षित स्थान पर मौजूद थे? ऐसे कई सवालों का उत्तर तकनीकी जांच से सामने आ सकता है।
घटना पूर्व पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल…
घटना से पहले की परिस्थितियां भी कई सवाल पैदा कर रही हैं,स्थानीय स्तर पर जानकारी सामने आई कि संभावित तनाव और विवाद को देखते हुए घटना दिवस देर रात तक सोनहत क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी,यदि पुलिस को विवाद की संभावना की जानकारी थी और जांच अभियान चलाया जा रहा था तो फिर यह सवाल उठता है कि इतनी बड़ी वारदात आखिर कैसे हो गई? क्या खतरे का सही आकलन नहीं किया गया? क्या दोनों पक्षों की गतिविधियों पर समान निगरानी नहीं रखी गई? क्या पुलिस के पास उपलब्ध सूचनाओं का प्रभावी उपयोग नहीं हुआ? इन प्रश्नों के उत्तर भी जांच का हिस्सा बनने चाहिए।
मृतकों के वाहनों की जांच हुई, आरोपियों के पक्ष की क्यों नहीं?
जानकारी के अनुसार मृतकों के वाहनों की जांच की गई थी और उनमें से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ था, यदि यह तथ्य सही है तो फिर बड़ा प्रश्न यह है कि क्या दूसरे पक्ष की भी समान रूप से जांच हुई थी? क्या आरोपियों के घरों की तलाशी ली गई? क्या उनके वाहनों की जांच की गई? क्या उनके आसपास की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई? यदि पुलिस को पहले से विवाद की जानकारी थी तो केवल एक पक्ष की जांच पर्याप्त क्यों मानी गई? यह प्रश्न इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बाद में सामने आया कि घटना को अंजाम देने के लिए पेट्रोल सहित अन्य साधनों का उपयोग हुआ।
पेट्रोल और अन्य सामग्री कहां से आई?
घटना की गंभीरता को देखते हुए यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि यदि वारदात सुनियोजित थी तो आवश्यक सामग्री आरोपियों तक कैसे पहुंची? क्या घटना के पहले तैयारी की गई थी? यदि तैयारी हुई थी तो वह कहां हुई? क्या किसी ने सामग्री उपलब्ध कराई? क्या किसी ने परिवहन में मदद की? इन सभी प्रश्नों का उत्तर जांच से ही मिल सकता है।
लावारिस वाहन का रहस्य…
घटना के बाद आरोपियों के घरों के समीप से एक संदिग्ध लावारिस कार मिलने की चर्चा भी लगातार जारी है, यदि वास्तव में कोई वाहन बरामद हुआ था तो उसकी जांच के परिणाम क्या हैं? वह वाहन किसका था? वह क्षेत्र तक कैसे पहुंचा? क्या उसमें बाहरी लोग आए थे? क्या उसका घटना से कोई संबंध था? यदि वाहन का घटना से संबंध नहीं था तो यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए ताकि अनावश्यक चर्चाओं पर विराम लग सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur