
प्राकृतिक जल प्रवाह में बाधा बनने से बढ़ा दबाव,ग्रामीणों ने अवैध अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग…
-ओंकार पाण्डेय-
रामानुजनगर/सूरजपुर,06 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। ग्राम पंचायत परशुरामपुर के अंतर्गत गाड़ा सिली नाला पर जल संरक्षण और सिंचाई के उद्देश्य से निर्मित चेक डैम भारी बारिश और तेज जलप्रवाह के दौरान क्षतिग्रस्त होकर टूट गया,इस घटना से न केवल लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि क्षेत्र के किसानों की सिंचाई व्यवस्था पर भी संकट मंडराने लगा है,घटना के बाद ग्रामीणों ने इस नुकसान के लिए नाले के प्राकृतिक जल प्रवाह क्षेत्र में किए गए कथित अवैध अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
भारी बारिश में नहीं झेल पाया पानी का दबाव-क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गाड़ा सिली नाला उफान पर था, तेज जलप्रवाह के बीच चेक डैम पर अत्यधिक दबाव बना,जिसके चलते संरचना का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते पूरा चेक डैम टूट गया, इससे बड़ी मात्रा में पानी बह गया और जल संरक्षण की पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई।
ग्रामीणों का आरोप—अतिक्रमण ने बदला पानी का रास्ता-ग्रामीणों का कहना है कि नाले के प्राकृतिक जल प्रवाह क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से खेती और अतिक्रमण किया जा रहा था,इससे पानी के बहाव का प्राकृतिक मार्ग संकरा और बाधित हो गया,उनका आरोप है कि बारिश के दौरान पानी का पूरा दबाव चेक डैम पर आ गया,जिसके कारण वह इस दबाव को सहन नहीं कर सका और क्षतिग्रस्त हो गया,ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जल प्रवाह क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया होता तो संभवतः यह स्थिति नहीं बनती।
लाखों की सरकारी संपत्ति हुई बर्बाद-चेक डैम के टूटने से शासन द्वारा जल संरक्षण और सिंचाई के लिए कराए गए लाखों रुपये के निर्माण कार्य को बड़ा नुकसान पहुंचा है,इस संरचना के माध्यम से आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता था,अब इसके टूट जाने से आगामी समय में खेती पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
सिंचाई व्यवस्था पर पड़ेगा असर- स्थानीय किसानों का कहना है कि चेक डैम में पानी रुकने से भूजल स्तर भी बेहतर रहता था और खेतों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल जाता था। अब संरचना के ध्वस्त होने से जल संग्रहण की व्यवस्था प्रभावित होगी,जिससे रबी और अन्य फसलों की सिंचाई पर असर पड़ सकता है।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग- ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए,यदि चेक डैम के टूटने के पीछे अवैध अतिक्रमण या किसी प्रकार की लापरवाही जिम्मेदार पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अतिक्रमण हटाने और पुनर्निर्माण की मांग-ग्रामीणों ने प्रशासन से गाड़ा सिली नाला के प्राकृतिक जल प्रवाह क्षेत्र से सभी अवैध अतिक्रमण हटाने, टूटे हुए चेक डैम का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रशासन का पक्ष आना बाकी- समाचार लिखे जाने तक इस पूरे मामले में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों या विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था,ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन मौके का निरीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा ताकि जल संरक्षण की व्यवस्था दोबारा बहाल हो सके और किसानों को राहत मिल सके।
फोटो 07
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur