अंबिकापुर में 28 कॉलेजों के प्राचार्य व क्रीड़ा अधिकारियों की बैठक, निष्पक्ष और समयबद्ध आयोजन पर जोर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभाकक्ष में गुरुवार को सरगुजा सेक्टर के अंतर्गत आने वाले शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों और क्रीड़ा अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की। बैठक में सरगुजा,बलरामपुर और जशपुर जिले के 28 शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक सत्र 2026-27 की अंतरमहाविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की रूपरेखा तैयार करना था। बैठक में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तिथियों का निर्धारण, मेजबान महाविद्यालयों का चयन, खिलाडि़यों के पंजीयन,चयन प्रक्रिया, प्रतियोगिता नियमावली के पालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने सभी क्रीड़ा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं का आयोजन निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनके माध्यम से अनुशासन,नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। बैठक में उपस्थित सभी क्रीड़ा अधिकारियों ने प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur