15,900 रुपए मासिक स्टाइपेंड को बताया बेहद कम,प्रदेशभर में समान मानदेय की मांग
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस इंटर्न शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने और प्रदेशभर में समान मानदेय लागू करने की मांग को लेकर अधिष्ठाता (डीन) को ज्ञापन सौंपते हुए हड़ताल की घोषणा की है। ज्ञापन में इंटर्न डॉक्टरों ने कहा है कि वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह 15,900 रुपए स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जबकि प्रदेश के अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न को 24,240 से 36,360 रुपए तक मानदेय मिल रहा है। पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में भी एमबीबीएस इंटर्न को करीब 30 हजार रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड दिए जाने का उल्लेख किया गया है। ऐसे में छत्तीसगढ़ में समान और उचित स्टाइपेंड लागू करने की मांग की गई है। इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मांग उठाई, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई और कार्यभार को देखते हुए वर्तमान स्टाइपेंड पर्याप्त नहीं है। इसे लेकर 7 अगस्त से सभी एमबीबीएस इंटर्न अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। अस्पताल परिसर में एमबीबीएस इंटर्न ने प्रदर्शन किया अपनी मांगे रखी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि हड़ताल का उद्देश्य मरीजों को परेशान करना नहीं,बल्कि अपनी लंबे समय से लंबित मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur