Breaking News

अम्बिकापुर@तेज रफ्तार बस ने इनोवा को मारी टक्कर,महिला की मौत,छह घायल

Share


बिलासपुर से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार,एक की हालत गंभीर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सडक हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 12.30 बजे की है। लमगांव निवासी आसन लाल तिग्गा, दिलीप कुमारी तिग्गा और उनके रिश्तेदार बिलासपुर में एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर इनोवा वाहन (सीजी 15 ईडी 9050) से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लखनपुर क्षेत्र में रम्पुरहीन माता मंदिर और राजवाड़े ढाबा के बीच सामने से आ रही पॉपुलर बस (सीजी 15 डीएम 0186) ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए इनोवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दिलीप कुमारी तिग्गा के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों के सीने, सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पहुंचाई मदद : हादसे के समय रायपुर से लौट रहे लखनपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने घटनास्थल पर रुककर घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाने में मदद की। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1), 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हाईवे किनारे ढाबों के सामने बेतरतीब ढंग से खड़े भारी वाहनों और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर बेहतर रोशनी, ढाबों के पास व्यवस्थित पार्किंग और यातायात सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ खाद माफिया से मिलीभगत करने वाले अधिकारी नहीं बचेंगे : कृषि मंत्री

Share ओवर रेटिंग की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज,राहुल कृषि केंद्र का लाइसेंस …

Leave a Reply