-संवाददाता-
अंबिकापुर,19 जून 2026 (घटती-घटना)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक युवती ने शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक दुष्कर्म करने तथा गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार,सरगुजा जिले के ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली आदिवासी युवती वर्ष 2021 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अंबिकापुर आई थी। इसी दौरान उसकी पहचान खैरबार निवासी एजाज अहमद से हुई। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया और जुलाई 2022 से वर्ष 2026 तक उसके साथ दैहिक संबंध बनाए। इस दौरान दोनों करीब सात माह तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। पीडि़ता का आरोप है कि अगस्त 2025 में गर्भवती होने पर आरोपी अपनी बहन फरहा सबा के साथ उसके कमरे पर पहुंचा और गर्भपात की दवा खाने का दबाव बनाया। उसने दवा नहीं खाई,लेकिन बाद में शादी का भरोसा दिलाने पर वह तैयार हो गई। इसके बाद आरोपी और उसकी बहन उसे सूरजपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका गर्भपात कराया गया। युवती ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि बाद में शादी की बात करने पर आरोपी ने दूसरे धर्म का होने का हवाला देते हुए विवाह से इनकार कर दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी कई बार शराब के नशे में उसके कमरे पर पहुंचकर जबरदस्ती करने का प्रयास करता था। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur