होली क्रॉस स्कूल में सीबीएसई टॉपर विद्यार्थियों का सम्मान,96 बच्चों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
-संवाददाता-
अंबिकापुर,19 जून 2026 (घटती-घटना)। सफलता केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं है,बल्कि जीवन में एक अच्छा और जिम्मेदार नागरिक बनना सबसे जरूरी है। जब आपका योगदान समाज और देश के हित में होगा,तभी सभी को आप पर गर्व होगा। यह बात कलेक्टर सरगुजा श्री अजीत वसंत (आईएएस) ने होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल अम्बिकापुर में आयोजित मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में कही।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता भी मौजूद रहे। बच्चों को सम्मानित होते देख अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी और गर्व का माहौल रहा। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम गौरवशाली रहा। कक्षा 12वीं के 18 और कक्षा 10वीं के 78 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। सभी मेधावी विद्यार्थियों को कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कलेक्टर बोले…अंक नहीं,मेहनत और सोच तय करती है भविष्य
विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आज सम्मानित होने वाले बच्चों की मेहनत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को इस बार सम्मान नहीं मिला, वे निराश न हों। यह अंतिम अवसर नहीं है,लगातार मेहनत करने वालों को सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों पर अपनी इच्छाएं न थोपें, बल्कि उनकी रुचि और क्षमता को समझकर उनका मार्गदर्शन करें। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान हासिल कर एक अच्छा नागरिक बनना है।
प्राचार्य ने कहा…सफलता के पीछे मेहनत और सहयोग अहम
विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सिस्टर जेस्सी थेक्कन ने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सफलता के सफर में अभिभावकों और शिक्षकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा के अंक किसी व्यक्ति के पूरे व्यक्तित्व को परिभाषित नहीं करते। लगातार प्रयास और सकारात्मक सोच से हर विद्यार्थी आगे बढ़ सकता है।
सांस्कृतिक माहौल में हुआ आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गीत से हुई। विद्यालय के बैगपाइपर बैंड ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका रिम्शा श्रीवास्तव, नीलम पोद्दार, जस्सी अब्राहम और आशीष अग्रवाल ने किया। आभार प्रदर्शन शिक्षिका रितु सोनी ने किया। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur