Breaking News

सूरजपुर@जमीन विवाद में खून से लाल हुए रिश्ते

Share


सूरजपुर में भतीजों पर चाचा की दिनदहाड़े हत्या का आरोप
न्यायालय से लौट रहे थे बरन राम,रास्ते में रोककर किया गया हमला
-संवाददाता-
सूरजपुर,18 जून 2026 (घटती-घटना)।
जिले में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। पतरापारा रोड स्थित लवलीहुड कॉलेज के पास जमीन विवाद को लेकर भतीजों द्वारा अपने ही चाचा की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है, घटना दिनदहाड़े हुई,जिससे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई, मृतक की पहचान ग्राम पीढ़ा निवासी बरन राम के रूप में हुई है, जानकारी के अनुसार वह किसी न्यायिक कार्य से सूरजपुर न्यायालय आए हुए थे और दोपहर करीब 2ः30 बजे अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी हत्या कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार योग्यता राजवाड़े उम्र 25 वर्ष रोहित राजवाड़े उम्र 22 वर्ष अनुसार बरन राम और उनके परिजनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि खून के रिश्ते ही एक-दूसरे के दुश्मन बन गए, स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार के भीतर संपत्ति को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ था, न्यायालय में भी इसी संबंध में मामला चलने की चर्चा है,गुरुवार को न्यायालय से लौटते समय बरन राम पर हमला किए जाने से यह आशंका और मजबूत हो गई है कि हत्या का संबंध जमीन विवाद से ही जुड़ा हो सकता है।
धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला,मौके पर मौत…
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरन राम को रास्ते में रोककर उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया,हमला इतना अचानक और गंभीर था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला,शरीर पर कई गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया,दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई,घटना के बाद आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने दोनों संदिग्धों को लिया हिरासत में…
घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है,प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन संबंधी विवाद सामने आया है,हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
रिश्तों पर भारी पड़ रही जमीन की लड़ाई
सूरजपुर की यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि जमीन और संपत्ति के विवाद किस तरह परिवारों को बर्बाद कर रहे हैं,जिस चाचा ने कभी अपने भतीजों को परिवार का हिस्सा मानकर स्नेह दिया होगा,आज उसी पर जानलेवा हमला करने के आरोप लग रहे हैं,यह केवल एक हत्या नहीं, बल्कि टूटते पारिवारिक रिश्तों और बढ़ती सामाजिक कटुता की भी कहानी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है,लोग चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ योग दिवस पर बैकुण्ठपुर में होगा भव्य सामूहिक योगाभ्यास

Share प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम होंगे मुख्य अतिथि,‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर होगा …

Leave a Reply