Breaking News

अम्बिकापुर/एमसीबी@चोरी के शक में दंपती की बेरहमी से पिटाई,इलाज के दौरान पति की मौत

Share


एमसीबी जिले के कठौतिया गांव की घटना,महिला भी घायल,हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी,आरोपियों की तलाश जारी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर/एमसीबी,18 जून 2026 (घटती-घटना)। चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा की गई बेरहमी से मारपीट में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई,जबकि उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल है। घटना एमसीबी जिले के कठौतिया गांव की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद अब हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक राजकुमार (निवासी ग्राम पमखेड़ी,जिला सागर, मध्यप्रदेश) अपनी पत्नी परमिला के साथ ससुराल कठौतिया आया था। परमिला करीब डेढ़ माह पहले अपने बीमार पिता की देखभाल के लिए मायके आई थी।
बताया गया कि 14 जून की रात करीब एक बजे शराब के नशे में राजकुमार ने पत्नी से अपने साथ सागर चलने को कहा। पत्नी के बीमार पिता को छोडकर जाने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद राजकुमार घर से निकल गया। पति की तलाश में निकली परमिला देर रात करीब तीन बजे बिछली गांव पहुंची, जहां वह सडक किनारे मिला। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि ग्रामीणों ने डंडे, लात-घूंसों से दंपती की पिटाई कर दी। हमले में राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परमिला के चेहरे, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद किसी तरह महिला अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। दोनों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर राजकुमार को मनेन्द्रगढ़ से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान महिला की नाक में पहनी सोने की नथ, पायल और नकद राशि भी गायब हो गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Share

Check Also

रायपुर@सीएम साय अचानक सभी मंत्रियों को रात 9 बजे सीएम हाउस बुलाया

Share ढाई साल के कामों की समीक्षा,विभागों से लिए सुझाव,सत्ता-संगठन में तालमेल पर चर्चारायपुर,18 जून …

Leave a Reply