कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन और आत्मदाह की चेतावनी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 जून 2026 (घटती-घटना)। उदयपुर तहसील के ग्राम परसोड़ी कला के ग्रामीणों ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) पर निजी भूमि पर अवैध कब्जा कर जबरन खुदाई कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खुदाई कार्य पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सरगुजा बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि 3 दिसंबर 2025 को एसईसीएल के अधिकारियों ने बिना पूर्व सूचना, ग्रामसभा की अनुमति और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी किए जेसीबी मशीन से उनकी निजी जमीन पर खुदाई शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि उनके परिवार कई पीढिय़ों से उक्त भूमि पर खेती करते आ रहे हैं। उन्हें न तो कोई नोटिस दिया गया, न मुआवजा मिला और न ही पुनर्वास की जानकारी दी गई। कलेक्ट्रेट में ग्रामीणों की मौजूदगी की सूचना पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात की मांग की। इस दौरान कुछ देर के लिए विवाद की स्थिति बनी, जिसके बाद तहसीलदार लौट गए। बाद में ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। नंगे पांव सत्याग्रह के संयोजक राजेश सिंह सिसोदिया ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रभावित परिवार अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के साथ आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामसभा ने भी उठाई कार्रवाई की मांग : ग्राम पंचायत परसोड़ी कला के सरपंच, उपसरपंच,ग्रामसभा अध्यक्ष और प्रभावित ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन में मांग की है कि अवैध कब्जा और खुदाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यदि भूमि अधिग्रहण का कोई वैध आदेश है तो उसकी प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराई जाए, अन्यथा स्पष्ट किया जाए कि किस आधार पर निजी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur