Breaking News

अम्बिकापुर@बिजली फिर महंगी : ढाई साल में पांचवीं बढ़ोत्तरी,कांग्रेस का पुतला दहन,महंगाई से जनता पर बोझ बढ़ाने का आरोप…

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जून 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश में बिजली दरों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बिजली दरों में हालिया बढ़ोत्तरी के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने घड़ी चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित क्रमिक आंदोलन का हिस्सा था। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में पांचवीं बार बिजली दरें बढ़ाकर आम जनता, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पाठक ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली की दरों में लगातार वृद्धि पूरी तरह जनविरोधी फैसला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने ढाई वर्षों में अब तक कुल 1.30 रुपये प्रति यूनिट बिजली दरों में वृद्धि की है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हाफ योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना को समाप्त कर दिया,वहीं दूसरी ओर लगातार बिजली दरें बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। पाठक ने कहा कि कीमतें बढ़ाने के बावजूद सरकार प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में भी सफल नहीं हो सकी है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि महंगाई पहले से ही आम आदमी की कमर तोड़ रही है। खाद्य पदार्थों से लेकर दैनिक जरूरत की वस्तुओं तक के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि जनता की परेशानियों को और बढ़ाने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी : प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली दर वृद्धि का फैसला तत्काल वापस लेने की मांग की। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कांग्रेस ने अपने अगले चरण के कार्यक्रमों की भी घोषणा की है। 18 जून को पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे। इसी दिन जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नमना स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा, जिसमें जिले भर के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद : पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, जगन्नाथ कुशवाहा, हेमंत तिवारी, विनीत विशाल जायसवाल, सीमा सोनी, संध्या रवानी, दुर्गेश गुप्ता, अशफाक अली, जीवन यादव, गुरप्रीत सिद्धू, रजनीश सिंह, सोहन जायसवाल, सतीश बारी, दिनेश शर्मा, अमित तिवारी राजा, गीता प्रजापति, गीता रजक, आशीष जायसवाल, शुभम जायसवाल, अमित सिंह, विकास केशरी, विकास शर्मा, आर.डी.एस. चौहान, शिवप्रसाद अग्रहरि, दिलीप धर, काजू खान, संदीप सिन्हा, मिथुन सिंह, केदार यादव, आशीष शील, तीरथ चौधरी, गंगा प्रसाद, वीरेंद्र सिन्हा, रोशन कन्नौजिया, नुजहत फातमा, शकीला सिद्दीकी, रूबी जैन, सरिता महंत, ममता सिंह, अंजू चंद्रवंशा सिंह, अनुराधा सिंह, सपना सिन्हा, अनिता सिन्हा, अंकित जायसवाल, अमित वर्मा, अशोक अग्रवाल, रत्नेश कुमार, परवेज आलम, धनमीत सिंह छाबड़ा, अनिकेत, साहिल, रोहन, राहुल, आर्यमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
आमजन करें क्या…
बिजली दरों में बढ़ोत्तरी को लेकर सियासत तेज हो गई है,लेकिन असली चिंता उन लाखों उपभोक्ताओं की है जिनका मासिक घरेलू बजट पहले से महंगाई के दबाव में है। यदि बिजली महंगी होती है तो जनता बेहतर सेवा,कम कटौती और मजबूत व्यवस्था की अपेक्षा भी रखती है। ऐसे में सरकार को सिर्फ दर वृद्धि नहीं,बल्कि उसके औचित्य और उससे मिलने वाले लाभ पर भी स्पष्ट जवाब देना होगा।


Share

Check Also

सूरजपुर@बिजली बिल पर कांग्रेस का हल्लाबोल, CSPDCL कार्यालय का घेराव,मुख्यमंत्री का पुतला दहन

Share विद्युत दरों में बढ़ोत्तरी के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस,कहा…महंगाई से त्रस्त जनता …

Leave a Reply