ओटीपी के जरिए रचा गया पूरा खेल,पांच किस्तें भरने के बाद आरोपियों ने किया भुगतान बंद,वेतन खाता भी सीज
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जून 2026 (घटती-घटना)। घर बनाने के लिए 30 लाख रुपए का लोन लेने की कोशिश एक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को करोड़ों की ठगी का शिकार बना गई। आरोपियों ने झांसा देकर उनके दस्तावेज और ओटीपी हासिल किए तथा बिना उनकी जानकारी के छह अलग-अलग बैंकों से 1 करोड़ 5 लाख 92 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत करा लिया। इसके बाद 57.55 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। शुरुआती पांच किस्तें भरकर भरोसा कायम रखा,लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। अब बैंक पीडि़त से वसूली कर रहे हैं और उनका वेतन खाता भी सीज हो गया है। धौरपुर थाना क्षेत्र के लुण्ड्रा निवासी एवं कृषि विभाग में पदस्थ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी लालसाय राम बखला ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में घर निर्माण के लिए उन्होंने 30 लाख रुपए के लोन की व्यवस्था करने की बात कुछ परिचितों से की थी। इस दौरान उनकी मुलाकात शिवशंकर दास से कराई गई, जिसने मनचाहा लोन दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि शिवशंकर ने आवश्यक दस्तावेज लेकर अलग-अलग बैंकों में प्रक्रिया शुरू कर दी। कुछ दिनों बाद विभिन्न बैंकों से आए ओटीपी उसने फोन पर मंगवाए, जिन्हें अधिकारी ने भरोसे में आकर साझा कर दिया। इसके बाद उनके नाम पर आईसीआईसीआई,एचडीएफसी,एसबीआई,एक्सिस बैंक,चोलामंडलम और ग्रामीण बैंक से कुल 1.05 करोड़ रुपए से अधिक का ऋण स्वीकृत हो गया। जब खाते में अपेक्षा से अधिक राशि पहुंची तो अधिकारी ने आपत्ति जताई। आरोप है कि शिवशंकर ने कहा कि ऋण की 60 प्रतिशत राशि उसे दे दें, बाकी 40 प्रतिशत अपने पास रखें और सभी बैंक ऋण की किस्तें वह स्वयं जमा करेगा। इसी भरोसे में पीडि़त ने आरटीजीएस के माध्यम से 41.05 लाख रुपए तथा अलग-अलग समय में 16.55 लाख रुपए नकद आरोपियों को दे दिए।
पांच किस्तों के बाद बंद कर दिया भुगतान : शिकायत के अनुसार आरोपियों ने केवल पांच मासिक किस्तों का भुगतान किया। इसके बाद ऋण की किस्तें जमा करना बंद कर दिया। नतीजतन सभी बैंकों से वसूली नोटिस आने लगे और पीडि़त का वेतन खाता भी सीज कर दिया गया। इससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया। धौरपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर शिवशंकर दास,सुरेंद्र सिंह, संतोष दास,अरविंद कुमार और आशा मानिकपुरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur