सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर प्रश्न
अम्बिकापुर,16 जून 2026 (घटती-घटना)। गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नई प्रतिमा स्थापित करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि गांधी चौक पर स्थापित प्रतिमा को दूसरी बार नुकसान पहुंचाया गया है, जो प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सोमवार को प्रतिमा खंडित किए जाने की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद संगठन ने तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। मीडिया से चर्चा के दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वह सरगुजा पुलिस अधीक्षक के निवास के समीप स्थित है। ऐसे में प्रतिमा के साथ हुई तोड़फोड़ सुरक्षा प्रबंधन की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिन्ह लगाती है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक माहौल को देखते हुए यह जांच का विषय है कि घटना के पीछे केवल शरारती तत्व हैं या फिर किसी सुनियोजित वैचारिक मानसिकता की भूमिका है। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रपिता की नई प्रतिमा को सम्मानजनक ढंग से शीघ्र स्थापित किया जाए तथा प्रतिमा स्थल पर स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन के दौरान कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित की गई है और जांच के निष्कर्ष जल्द सार्वजनिक किए जाएंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, विनीत विशाल जायसवाल, अमित सिंह और रत्नेश कुमार भी शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur