Breaking News

सूरजपुर@ ई-ऑफिस के डिजिटल ताले में फर्जी आदेश की चाबी!

Share

  • आदेश आया, मान्य हुआ, लागू हुआ…फिर अचानक फर्जी हो गया!
  • शिक्षिका पर FIR,लेकिन सवालों के घेरे में पूरा सिस्टम, आखिर फर्जी आदेश विभाग की चौखट तक पहुंचा कैसे?
  • फर्जी ट्रांसफर आदेश का खेल या सिस्टम की सबसे बड़ी भूल?
  • आदेश फर्जी निकला,लेकिन जिम्मेदार कौन निकला?
  • डिजिटल हस्ताक्षर के दौर में फर्जीवाड़ा! सूरजपुर के शिक्षा विभाग में बड़ा सवाल
  • FIR शिक्षिका पर,लेकिन कटघरे में पूरा तंत्र!
  • फर्जी आदेश का फंदा, दोषी सिर्फ शिक्षिका या जांच से बचता सिस्टम?
  • ई-ऑफिस सुरक्षित या सिर्फ दावा? एक ट्रांसफर आदेश ने खोल दी पूरी कहानी
  • फर्जी आदेश की एंट्री,सिस्टम की साइलेंट मोड में ड्यूटी!
  • डिजिटल शासन में कागजी खेल? सूरजपुर में ट्रांसफर आदेश पर बवाल
  • शिक्षिका पर FIR,लेकिन बड़ा सवाल—अगर आदेश फर्जी था तो सिस्टम सो रहा था या साथ चल रहा था?


-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,15 जून 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ सरकार पिछले कुछ वर्षों से डिजिटल शासन,ई-ऑफिस और पेपरलेस प्रशासन का सपना जनता को दिखा रही है, दावा किया जा रहा है कि अब फाइलें गायब नहीं होंगी,आदेशों में हेरफेर नहीं होगा, डिजिटल हस्ताक्षर सुरक्षा की गारंटी होंगे और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी,लेकिन सूरजपुर जिले से सामने आया एक मामला इन दावों के बीच ऐसा सवाल बनकर खड़ा हो गया है,जिसका जवाब केवल एक शिक्षिका के खिलाफ दर्ज एफआईआर से नहीं मिलेगा।
मामला एक कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश का है, शिक्षा विभाग का दावा है कि एक शिक्षिका ने फर्जी आदेश प्रस्तुत कर स्थानांतरण का लाभ लिया, विभागीय जांच हुई, निलंबन हुआ,पुलिस में प्राथमिकी दर्ज हुई और मामला अब कानून के दरवाजे तक पहुंच गया,लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती,असली कहानी तो यहीं से शुरू होती है, क्योंकि इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि आदेश फर्जी था या नहीं,सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि आदेश फर्जी था, तो फिर पूरा सिस्टम असली कैसे माना जाए?
फर्जी आदेश आया कहां से?
सरकारी कार्यालयों में कोई भी आदेश सीधे आसमान से नहीं टपकता, उसके पीछे प्रस्ताव बनता है, फाइल चलती है, अनुमोदन होता है, डिजिटल हस्ताक्षर होते हैं, फिर आदेश जारी होता है, अब यदि शिक्षा विभाग यह कह रहा है कि स्थानांतरण आदेश फर्जी था, तो पहला सवाल यही बनता है कि वह आदेश संबंधित शिक्षिका तक पहुंचा कैसे? क्या किसी ने व्हाट्सऐप पर भेज दिया? क्या किसी बाबू ने फाइल से निकालकर दे दिया? क्या किसी अधिकारी ने उसे वैध माना? या फिर डिजिटल युग में कोई ऐसा जादूगर पैदा हो गया जिसने शासन के सर्वर में घुसकर आदेश तैयार कर दिया? यदि आदेश फर्जी था तो उसकी उत्पत्ति का स्रोत पता लगाना सबसे पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए थी,लेकिन चर्चा यह है कि कार्रवाई का पूरा केंद्र सिर्फ शिक्षिका को बनाया गया।
शिक्षिका दोषी या सिस्टम का सुविधाजनक निशाना?
यदि किसी व्यक्ति ने वास्तव में फर्जी दस्तावेज तैयार किया है तो कानून अपना काम करेगा,लेकिन क्या केवल लाभ लेने वाला ही दोषी है? मान लीजिए कोई व्यक्ति बैंक में नकली चेक लेकर पहुंचता है, बैंक यदि बिना जांच के भुगतान कर देता है तो क्या बैंक की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती? ठीक यही सवाल शिक्षा विभाग पर भी लागू होता है,यदि कथित फर्जी आदेश के आधार पर कार्यमुक्ति हुई,पदस्थापना हुई,वेतन प्रक्रिया चली और महीनों तक किसी को संदेह नहीं हुआ,तो फिर विभाग के सत्यापन तंत्र का क्या हुआ? क्या जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने आदेश की जांच नहीं की? क्या विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने उसे सत्यापित नहीं किया? क्या कार्यालयों में बैठे अधिकारियों ने केवल मुहर लगाने का काम किया? यदि हां,तो फिर दोष केवल एक व्यक्ति का कैसे हो सकता है?
फाइलों का लोकतंत्र और जिम्मेदारी का वनवास
भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था का एक विचित्र सिद्धांत है,जब कोई योजना सफल होती है तो उसका श्रेय ऊपर तक पहुंचता है,लेकिन जब कोई गड़बड़ी होती है तो जिम्मेदारी नीचे की सबसे कमजोर कड़ी पर छोड़ दी जाती है, सूरजपुर का यह मामला भी कहीं उसी परंपरा का नया अध्याय तो नहीं? यदि आदेश फर्जी था तो फाइल देखने वाले अधिकारी कौन थे? यदि आदेश संदिग्ध था तो उसे रोकने वाला कौन था? यदि आदेश गलत था तो उसे लागू करने वाले कौन थे? और यदि आदेश सही था तो उसे फर्जी घोषित करने का आधार क्या है? इन सवालों के जवाब बिना यह कहानी अधूरी रहेगी।
डिजिटल इंडिया बनाम मानवीय भूल
सरकार डिजिटल इंडिया की बात करती है,ई-ऑफिस की बात करती है, साइबर सुरक्षा की बात करती है,लेकिन जमीन पर अक्सर वही पुराना सवाल सामने आ जाता है—सिस्टम मजबूत है या सिर्फ उसका प्रचार? यदि एक कथित फर्जी आदेश पूरा प्रशासनिक ढांचा पार कर सकता है,तो फिर समस्या किसी एक व्यक्ति में नहीं बल्कि उस तंत्र में भी है जो खुद को सुरक्षित और पारदर्शी बताता है।
असली जांच अभी बाकी है…
आज शिक्षिका कटघरे में है, कल शायद कोई और होगा,लेकिन यदि व्यवस्था के भीतर मौजूद कमियां उजागर नहीं हुईं तो ऐसे मामले बार-बार सामने आते रहेंगे, इस पूरे प्रकरण में सबसे महत्वपूर्ण यह नहीं कि किसे आरोपी बनाया गया,सबसे महत्वपूर्ण यह है कि जांच की दिशा क्या है,क्या जांच केवल आरोपी खोज रही है? या फिर उस रास्ते को भी तलाश रही है जिससे कथित रूप से फर्जी आदेश सरकारी सिस्टम के भीतर प्रवेश कर गया?
अंतिम सवाल…
सूरजपुर का यह मामला केवल एक शिक्षिका,एक स्थानांतरण आदेश और एक एफआईआर की कहानी नहीं है,यह डिजिटल प्रशासन,विभागीय जवाबदेही और सरकारी व्यवस्था की विश्वसनीयता की परीक्षा है,यदि आदेश फर्जी था तो दोषी को सजा मिलनी चाहिए,लेकिन यदि सिस्टम ने भी आंखें बंद रखीं तो फिर सवाल केवल एक व्यक्ति पर नहीं,पूरी व्यवस्था पर उठेंगे,क्योंकि जनता अब यह जानना चाहती है फर्जी आदेश किसने बनाया,यह तो जांच बताएगी; लेकिन उसे पहचानने में पूरा सिस्टम क्यों नाकाम रहा,इसका जवाब कौन देगा?
निलंबन की रफ्तार और जांच की चाल
इस मामले में निलंबन और एफआईआर की कार्रवाई तेजी से हुई, लेकिन सवाल यह है कि क्या उसी तेजी से यह भी जांच हुई कि आदेश को स्वीकार किसने किया? उस पर भरोसा किसने किया? उसके आधार पर प्रशासनिक कार्रवाई किसने की? यदि जांच का दायरा केवल एक व्यक्ति तक सीमित रहेगा तो यह न्याय नहीं, बल्कि सुविधाजनक प्रशासन कहलाएगा, क्योंकि व्यवस्था की सबसे पुरानी बीमारी यही है कि गलती सामूहिक होती है और कार्रवाई व्यक्तिगत।
शिक्षा विभाग और वायरल आदेशों की पुरानी कहानी
दिलचस्प बात यह है कि यह पहला अवसर नहीं है जब शिक्षा विभाग में आदेशों को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हो, हाल ही में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर 12 जून 2026 के दो अलग-अलग आदेश सोशल मीडिया में वायरल हुए थे, बाद में उनमें से एक को फर्जी बताया गया, पूरा प्रदेश असमंजस में रहा, शिक्षक समझ नहीं पाए कि कौन-सा आदेश मान्य है और कौन-सा नहीं,यह घटना बताती है कि विभागीय आदेशों की प्रमाणिकता को लेकर पहले से ही भ्रम मौजूद है,ऐसे में यदि कोई कर्मचारी किसी आदेश को वास्तविक मानकर कार्रवाई करता है, तो उसकी भूमिका और मंशा की निष्पक्ष जांच भी आवश्यक है।
क्या पुराने आदेशों की भी होगी जांच?
यह मामला एक और बड़ा प्रश्न खड़ा करता है,यदि आज एक कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश पकड़ा गया है,तो क्या पिछले वर्षों के आदेशों की भी समीक्षा होगी? क्या यह जांचा जाएगा कि कहीं पहले भी ऐसे आदेशों के आधार पर पदस्थापनाएं,स्थानांतरण या अन्य लाभ तो नहीं लिए गए? क्योंकि यदि एक मामला पकड़ा गया है तो यह मान लेना कि बाकी सब कुछ शत-प्रतिशत सही था,शायद जल्दबाजी होगी,व्यवस्था में यदि एक दरार दिखाई देती है तो जिम्मेदार जांच एजेंसियां पूरी दीवार की मजबूती भी जांचती हैं।
डिजिटल युग में एनालॉग लापरवाही
सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर ई-ऑफिस लागू कर रही है,डिजिटल हस्ताक्षर लागू किए जा रहे हैं,ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम बनाया जा रहा है,लेकिन सूरजपुर का यह मामला पूछ रहा है कि क्या तकनीक केवल दिखावे के लिए है? यदि एक कथित फर्जी आदेश पूरा प्रशासनिक रास्ता पार कर सकता है,तो फिर ई-ऑफिस का लाभ क्या हुआ? व्यंग्य यह है कि कागज के युग में कहा जाता था कि फाइल गायब हो गई, अब डिजिटल युग में कहा जा रहा है कि आदेश ही असली नहीं था,तकनीक बदल गई,लेकिन बहाने का स्वरूप केवल आधुनिक हो गया।


Share

Check Also

खड़गवां@ जल जीवन मिशन या ‘जल इंतजार मिशन’?

Share दो साल से अधूरी पानी टंकी बनी ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए खतराकरोड़ों …

Leave a Reply