Breaking News

अम्बिकापुर@ पालने से उठाकर 5 माह की मासूम को बंदर ने पानी भरे ड्रम में फेंका

Share


परिजनों की तत्परता से बची बच्ची की जान,प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर,गांव में दहशत
संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अगस्त 202६ (घटती-घटना)
। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरी कला में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बस्ती में घुसे एक जंगली बंदर ने घर के अंदर पालने में सो रही 5 माह की मासूम बच्ची को उठाकर पानी से भरे ड्रम में फेंक दिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे ड्रम से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।
बस्ती में बंदर के घुसते ही मची अफरा-तफरी : जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे की है। ग्राम रजपुरी कला में एक जंगली बंदर अचानक बस्ती में घुस आया। बंदर को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों में छिप गए। इसी दौरान बंदर एक घर के अंदर पहुंच गया,जहां 5 माह की मासूम बच्ची पालने में सो रही थी। बताया जा रहा है कि बंदर ने अचानक बच्ची को पालने से उठाया और घर में रखे पानी से भरे प्लास्टिक के ड्रम में डाल दिया। इसके बाद वह वहां से भाग गया।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन : घटना के कुछ ही देर बाद बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर पहुंचे। उन्होंने देखा कि बच्ची पानी भरे ड्रम में पड़ी हुई थी। परिजनों ने बिना देर किए उसे बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
मासूम की पहचान
घायल बच्ची की पहचान त्रिशिका प्रजापति (5 माह), पिता सुदर्शन प्रजापति, निवासी ग्राम रजपुरी कला,थाना लखनपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से भयभीत हैं।
वन विभाग से बंदर पकड़ने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में जंगली बंदर को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि उत्पाती बंदर को जल्द पकड़ा जाए और बस्ती क्षेत्र में वन्य जीवों से सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।


Share

Check Also

विश्रामपुर/सूरजपुर@ तीन वर्षों से बंद पड़ा निजी ट्रांसफार्मर हटाया गया

Share नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंशुल गोयल की पहल लाई रंग,फौजी गली के लोगों को मिली …

Leave a Reply