संवाददाता-
बलरामपुर,01 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। मवेशियों को कथित रूप से बूचड़खाने ले जाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को सामरीपाठ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ अब इस प्रकरण के तीनों आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 की शाम डुमरपाठ के पास ग्रामीणों ने नौ गाय, बैल और बछड़ों को कथित रूप से मारते-पीटते हुए झारखंड की ओर ले जाते तीन लोगों को देखा था। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो एक आरोपी फरार हो गया, जबकि संजय सोनवानी और संजय कोरवा, दोनों निवासी अमटाही, को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया था कि मवेशी झारखंड के ओरसापाठ निवासी सद्दाम मियां के हैं और उसी के कहने पर उन्हें ले जाया जा रहा था। पुलिस ने प्रार्थी नागेश्वर यादव की शिकायत पर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धाराओं 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया था। दोनों आरोपियों को 5 जून को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी सद्दाम हुसैन उर्फ सद्दाम मियां फरार था। करीब दो माह तक गिरफ्तारी से बचने के बाद मुख्य आरोपी ने 30 जुलाई को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
दो महीने तक गिरफ्तारी से बचा रहा आरोपी : इस मामले में यह सवाल भी उठता है कि जब घटना के दिन ही अन्य दोनों आरोपियों ने मुख्य आरोपी का नाम पुलिस को बता दिया था, तब भी उसे गिरफ्तार करने में लगभग दो महीने का समय क्यों लग गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी झारखंड में लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसके कारण गिरफ्तारी में समय लगा। अब उसके जेल भेजे जाने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना आगे बढ़ा दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur