
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी तरुण जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने दबाव और बढ़ा दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा के बाद अब उसकी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक जब्त कर ली गई है। वहीं, पुलिस ने आरोपी की चल-अचल संपत्ति की कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। कोतवाली थाना में दर्ज इस मामले में बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर गठित विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और सूचना देने वाले के लिए 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
बंदूक जब्त, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू
पुलिस ने बताया कि आरोपी के नाम पर जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक उसके परिजनों से बरामद कर जब्त कर ली गई है। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना को प्रभावित होने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
अब संपत्ति पर भी शिकंजा
पुलिस ने राजस्व विभाग से आरोपी की चल और अचल संपत्तियों का विवरण मांगा है। ग्राम भफौली में आरोपी के नाम से जुड़ी संपत्तियों और कथित अतिक्रमित भूमि का भी सत्यापन कराया जा रहा है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल : आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों?
घटना के बाद से पुलिस लगातार दबिश, इनाम की घोषणा, हथियार जब्ती और अब संपत्ति कुर्की जैसी कार्रवाई कर रही है। बावजूद इसके आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि जब पुलिस आरोपी के लाइसेंसी हथियार और संपत्ति तक पहुंच गई, तो आरोपी तक पहुंचने में देरी क्यों हो रही है। आमजन की नजर अब इस बात पर है कि पुलिस की सख्ती का परिणाम गिरफ्तारी के रूप में कब सामने आएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी को शरण देने या उसकी मदद करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपी की गिरफ्तारी तक अभियान लगातार जारी रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur