-संवाददाता-
सीतापुर,01 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर के सराफा कारोबारी की स्कूटी से दिनदहाड़े करीब एक करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी होने के छह दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले में अब डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसकी सूचना देने वाले के लिए 5 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। हालांकि, करोड़ों की चोरी के मामले में घोषित इनाम की राशि को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना 26 जुलाई की सुबह करीब 11ः30 बजे की है। सीतापुर हाई स्कूल के पास स्थित श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण देव सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने ज्वेलरी से भरा बैग स्कूटी पर रखा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब एक करोड़ रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बताए गए हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
घटना शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आरोपी इतनी आसानी से बैग लेकर कैसे फरार हो गया। क्या इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे पर्याप्त नहीं थे, या उनकी निगरानी और विश्लेषण में कमी रही? पुलिस ने अभी तक आरोपी की तस्वीर या हुलिया सार्वजनिक नहीं किया है, जिससे आम लोगों की मदद से पहचान आसान हो सके।
5 हजार का इनाम, क्या काफी है?
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसकी सूचना देने वाले के लिए 5 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। लेकिन करीब एक करोड़ रुपए की चोरी के मामले में इतनी कम इनामी राशि को लेकर लोगों के बीच चर्चा है। आमतौर पर बड़ी वारदातों में अधिक इनाम घोषित कर सूचना तंत्र को सक्रिय करने का प्रयास किया जाता है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इतनी राशि से पुलिस को अपेक्षित जनसहयोग मिल पाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उपयोगी सूचना देने वाले को नियमानुसार पुरस्कृत किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur