-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 जून 2026 (घटती-घटना)। विकासखंड लुण्ड्रा अंतर्गत ग्राम पंचायत धौरपुर में नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण हेतु 4 करोड़ 49 लाख 45 हजार रुपये की लागत से बनने वाले भवन का शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य युगल किशोर कुजूर, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात विधायक द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन संपन्न कराया गया। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि आज लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरव का दिन है।
यह केवल ईंट-पत्थरों का भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। यदि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, तो वे बड़े सपने देख सकेंगे और उन्हें पूरा भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि नवीन महाविद्यालय भवन में आधुनिक सुविधाएं जैसे प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास एवं छात्राओं के लिए पृथक शौचालय की व्यवस्था होगी। इससे धौरपुर एवं आसपास के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अंबिकापुर अथवा अन्य दूरस्थ स्थानों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। विधायक ने गुरुजनों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आग्रह किया तथा विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से अपील की कि वे इस भवन को अपनी संपत्ति समझकर उसकी देखरेख करें, परिसर में पौधरोपण करें, स्वच्छता बनाए रखें तथा भवन को सुरक्षित रखें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur